कुबरेश्वर धाम-चिंतामन श्रीगणेश के यहां पूरे देश से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और दूल्हा बादशाह बाबा की दरगाह पर दुआ मांगने आने वाले नमाजियों-जमातियों को सीहोर पहुंचने में आ रही परेशानियों से दुखी राष्ट्रीय मानव अधिकार मंच और राष्ट्रीय पसमंदा मुस्लिम महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष रेल रोको अभियान के जनक समाजसेवी नौशाद खान एक बार फिर सीहोर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रोकने के लिए आंदोलन करने जा रहे हैं। इसके तहत प्रथम चरण में शुक्रवार को नौशाद खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं के द्वारा आदर्श आचार संहिता को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा।
समाजसेवी नौशाद खान ने कहा कि कोरोना काल से रुकी हुई ट्रेनों का सीहोर रेलवे स्टेशन पर स्टॉपेज अब तक नहीं किया गया है। लंबे समय से सीहोर स्टेशन से होकर जाने वाली प्रयागराज डॉ. अम्बेडकर नगर, इंदौर-पटना, इंदौर-हावड़ा, अहमदाबाद-गोरखपुर, शिप्रा एक्सप्रेस इंदौर-हावड़ा ट्रेनों को सीहोर रेलवे स्टेशन पर स्टॉपेज कराने के लिए मांग की जा रही है, जिसके लिए विधायक-सांसद, मुख्यमंत्री और रेल मंत्री को भी ज्ञापन दिया जा चुका है। रतलाम मंडल डीआरएम और मुंबई रेल मंडल के जरनल मैनेजर को भी अवगत कराया गया है, लेकिन कोई भी सुनने को तैयार नहीं है।
कोरोना काल से रुकी हुई दो ट्रेनें ओवर नाइट जबलपुर इंदौर, इंदौर-भोपाल इंटरसिटी को भी अब तक स्टॉपेज नहीं दिया गया है। जबकि डिस्ट्रिक्ट रेलवे स्टेशन सीहोर के पास के कालापीपल सुजालपुर बैरागढ़ रेलवे स्टेशन पर रतलाम रेल मंडल द्वारा बंद ट्रेनों को रोकना शुरू कर दिया गया है। इधर, सीहोर रेलवे स्टेशन पर सर्व सुविधा युक्त शौचालय नहीं है। बोगी नंबर स्क्रीन भी नहीं लगाए गए हैं। रेलवे स्टेशन पर कैमरों की व्यवस्था भी नहीं की गई है, जिसके चलते शहर सहित बाहर से आने वाले यात्रियों को काफी परेशान होना पड़ता है।
खान ने कहा कि अगर सीहोर रेलवे स्टेशन पर प्रयागराज डॉ. अम्बेडकर नगर, इंदौर-पटना, इंदौर-हावड़ा, अहमदाबाद-गोरखपुर, शिप्रा एक्सप्रेस इंदौर-हावड़ा ओवर नाइट जबलपुर इंदौर, इंदौर-भोपाल इंटरसिटी को सीहोर रेलवे स्टेशन पर स्टॉपेज दिया जाता है तो लाखों रेल यात्री को सर्व सुविधा मिलेगी, वहीं रेलवे को भी राजस्व प्राप्त होगा। जनहित को देखते हुए समस्याओं का निराकरण कराया जाए, तत्काल बोगी नंबर स्क्रीन लगाए जाएं, ताकि यात्रियों को अपना सीट नंबर ढूंढने में आसानी हो और रेलवे स्टेशन पर कैमरों की व्यवस्था की जाए। ऐसी अनेक मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में मोहन और निर्भय का चयन
सीहोर शहर के बीएसआई मैदान पर पीपीसीए अकादमी की ओर से खेलने वाले हरफनमौला खिलाड़ी निर्भय प्रजापति और मोहन वर्मा मध्यप्रदेश के सिधी में होने जा रही राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में खेलते नजर आएंगे। उनका चयन गत दिनों शहर के पीजी कालेज में खेली गई संभाग स्तरीय अंडर-19 शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान सीहोर टीम की ओर से शानदार प्रदर्शन की बदौलत किया गया है।
विवेकानंद अकादमी और पीपीसीए अकादमी के कोच चेतन मेवाड़ा ने बताया कि शहर में प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों की कमी नहीं है। जब भी मौका मिलता है, ये खिलाड़ी अपनी कला के शानदार प्रदर्शन के बदौलत अपना स्थान पक्का कर लेते हैं। दोनों खिलाडिय़ों का दूसरी बार स्टेट क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। उन्होंने बताया कि हरफनमौला खिलाड़ी निर्भय प्रजापति किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। पूर्व में ओपन डिवीजन में अपने दोहरे प्रदर्शन किया था, इसमें करीब 450 रन और 14 विकेट हासिल किए थे और विकेट कीपर और बल्लेबाज मोहन वर्मा भी शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सीहोर टीम की ओर से खेलते हुए आ रहे है।
इसके अलावा विवेकानंद अकादमी की ओर से खेलने वाले छात्र तुषार पांडे का चयन विदिशा में होने वाली संभाग स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए हुआ है। खिलाडिय़ों की इस सफलता पर विवेकानंद अकादमी के डारेक्टर हरीश राठौर, डीसीए के मनोज दीक्षित मामा, प्राचार्य समसुद्दीन कुरैशी, सरिता गौर, तनुजा चौधरी, मधु राजपूत, मधु शर्मा, चेतन मेवाड़ा, पीपीसीए अकादमी की ओर से अतुल त्रिवेदी, आदर्श राय, मोहनिश त्रिवेदी आदि ने खिलाडिय़ों को बधाई दी है।