सीहोर के भैरूंदा थाने से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां आपसी कहासुनी के बाद नौकर ने अपने मालिक की हत्या कर दी। भेड़ों को चराने वाले नौकर ने अपने ही मालिक से वेतन के 10 हजार रुपये मांगे थे। मालिक के देने से इनकार करने पर आवेश में आकर नौकर ने मालिक को डंडे से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना मिलते ही लाड़कुई पुलिस ने आरोपी को अपनी गिरफ्त में ले लिया।
थाना प्रभारी गिरीश दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि राजस्थान के उदयपुर जिले के गांव कलवा निवासी बद्रीप्रसाद पिता सना (70) की भेड़ों को लेकर नीमच जिले के अथवा खुर्द निवासी भैरवलाल पिता सगराम (40) राजस्थान से मध्यप्रदेश में लेकर आया था। इस दौरान वह सीहोर की ओर से भेड़ों को लेकर भैरूंदा की ओर आ रहा था।
वहीं, गुरुवार को सिंहपुर गांव मुख्य मार्ग पर भैरवलाल ने भेड़ मालिक बद्रीप्रसाद से अपने वेतन के 10 हजार रुपये मांगे। भेड़ मालिक ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी होने लगी और मामला झगड़े तक पहुंच गया। विवाद इतना बढ़ गया कि भैरवलाल ने अपने ही मालिक बद्रीप्रसाद की डंडे से पिटाई करना शुरु कर दी। उसने मालिक के सिर पर डंडा तब तक मारा जब तक की वह मर नहीं गया।
बता दें कि मौके पर मौजूद लोगों द्वारा घटना की सूचना लाड़कुई चौकी में दी। जहां पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर आरोपी भैरवलाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।