सीहोर में आप कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज किया गया है।
- फोटो : सोशल मीडिया
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में ज्ञापन सौंपना भारी पड़ गया। थाना कोतवाली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को सीहोर कलेक्ट्रेट में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर नारेबाजी करते हुए ज्ञापन देने का प्रयास किया था। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच बहस भी हुई थी। थाना कोतवाली पुलिस ने करीब आधा दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ आचार संहिता का उल्लंघन का मामला दर्ज किया है। इसमें आईपीसी की धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
थाना कोतवाली टीआई विकास खींची ने बताया कि तहसीलदार कार्यालय से प्राप्त पत्र के निर्देश पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में लिया गया है। सूचना मिली थी कि कलेक्ट्रेट में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता नारेबाजी कर रहे हैं और ज्ञापन सौंपने का प्रयास कर रहे हैं। जबकि 9 अक्टूबर से जिले में आचार संहिता प्रभावशील है। इसके तहत कलेक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी भीड़ एकत्रित करने पर प्रतिबंध लगाया गया है। बिना अनुमति के रैली निकालकर भीड़ एकत्रित करने पर यह कार्रवाई की गई है, फोटो और वीडियो के आधार जांच चल रही है।