ग्रामीणों ने बैठक में कांवड़ यात्रा निकालने का निर्णय लिया।
- फोटो : अमर उजाला
सीहोर जिले के चितावलिया हेमा स्थित निर्माणाधीन मुरली मनोहर एवं कुबेरेश्वर महादेव मंदिर में सावन के महीने में रोजाना बड़ी संख्या में कांवड़ लेकर महिला और पुरुष कांवड़ यात्री आ रहे हैं और आस्था और उत्साह के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर रहे हैं।
31 जुलाई को शहर के सीवन नदी तट से कुबेरेश्वर धाम के लिए भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शनिवार को धाम से लगे आधा दर्जन से अधिक ग्रामों के ग्रामीणों की एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में ग्राम नापलाखेड़ी, चितोडिया जाट, चितावलिया हेमा, चितावलिया लाखा, ग्राम भटौनी और दीदाखेड़ी सहित आधा दर्जन से अधिक ग्रामों के श्रद्धालुओं ने कोरोना काल के बाद सावन मास पर भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन करने का निर्णय लिया है।
इस बार कावड़ यात्रा अपने आप में एक भव्य यात्रा रहेगी। जिसमें सैकड़ों की संख्या में कांवडि़ए शामिल होंगे। भगवा कपड़े पहने भक्तों के कंधे पर कांवड़ होगी। बोलबम के नारे के साथ कांवड़िए शहर की जीवनदायनी सीवन नदी के तट पर पहुंचकर सुबह ग्यारह बजे शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जिला मुख्यालय के पास चितावलिया हेमा स्थित निर्माणाधीन मुरली मनोहर एवं कुबेरेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगे। करीब 11 किलोमीटर से अधिक भव्य कांवड़ यात्रा का ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा। कांवड़ यात्रा के दौरान माता पार्वती के जल से मंदिर में भगवान शिव का भव्य जलाभिषेक किया जाएगा।