सीहोर में पं. प्रदीप मिश्रा की अगुवाई में बुधवार को कांवड़ यात्रा का विशाल आयोजन हुआ, जिसमें देशभर से करीब ढाई लाख श्रद्धालु शामिल हुए। हालांकि दूसरे दिन भी दो लोगों की जान चली गई। अब तक चार की मौत हो चुकी है। हालांकि प्रशासन इन्हें सामान्य मौत ही बता रहा है।
भक्ति और भीड़ के इस समागम के बीच दो दिन में चार श्रद्धालुओं की मौत ने आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार को गुजरात के चतुर सिंह (50) और हरियाणा के ईश्वर सिंह यादव (65) की मौत अलग-अलग स्थानों पर स्वास्थ्य बिगड़ने से हो गई। दोनों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बुधवार को हरियाणा की सुनीता हाईवे पर गिरकर घायल हो गई, वहीं मथुरा की पूजा सैनी और नागपुर की मनीषा भी भीड़ में गिरकर बेहोश हो गईं। तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया है। मंगलवार की भगदड़ में भी 10 अन्य श्रद्धालु घायल हुए थे। इनमें कुछ की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है। ज्ञात रहे कि मंगलवार को धक्कामुक्की और भगदड़ में दो महिलाओं जसवंती बेन (राजकोट) और संगीता गुप्ता (फिरोजाबाद) की मौत हो गई थी।
ये भी पढ़ें- पंडित प्रदीप मिश्रा के आह्वान पर कांवड़ यात्रा का आयोजन आज, उमड़ा जनसैलाब; रेलवे ने बढ़ाई और ट्रेनें