बुधनी उपचुनाव को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। भाजपा की ओर से सीएम मोहन यादव और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निशाना साधा तो कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मैदान संभाला। उन्होंने अफसरों पर ज्यादा निशाना साधा।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि एक व्हाइट हाउस अमेरिका के राष्ट्रपति का है तो दूसरा बुधनी से भाजपा प्रत्याशी रमाकांत भार्गव का शाहगंज में है। किसी ने इस हाउस का वैभव देखा है क्या? बुधनी के इस चुनाव में आप लोगों के सामने दो प्रत्याशी आमने-सामने हैं। एक राजकुमार पटेल जो सुख-दु:ख का साथी है तो दूसरा रमाकांत भार्गव जो जीतने के बाद वापस नहीं लौटता है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 20 वर्षों से शिवराज सिंह चौहान यहां से चुनाव जीते और प्रदेश के मुख्यमंत्री भी रहे लेकिन इस क्षेत्र की समस्याएं खत्म नही हो सकी। यहां पर भ्रष्टाचार का बोलबाला रहा। 20 वर्षों में किसी एक भ्रष्टाचारी अधिकारी या कर्मचारी पर कार्यवाही हुई हो तो बताएं। यहां पर अधिकारी कर्मचारी भाजपा के एजेंट के रूप में काम करते हैं। दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि बुधनी विधानसभा में शिवराज सिंह ने चुनाव फर्जी मतदान के सहारे जीते हैं। यहां पर मतदाता सूची में गड़बडिय़ां हैं और ईवीएम तो आप सभी के सामने है।
उन्होंने बताया कि 10 वर्षों तक वह प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे लेकिन उनके विधानसभा क्षेत्र में किसी अधिकारी कर्मचारी की हिम्मत नहीं थी कि वह आम जनता से पैसों की वसूली कर ले। लेकिन बुधनी में तो रामराज है। रेत का अवैध खनन किया जा रहा है, कार्यवाही के नाम पर अधिकारी मौज कर रहे हैं। ऐसे में समझा जा सकता है कि स्वयं शिवराज जी इसमें संलग्न है।
उन्होंने कहा कि इस देश में अमीर आदमी को टैक्स कम देना पड़ता है और गरीब आदमी को अधिक टैक्स भरना पड़ता है। इस देश में 200 ऐसे परिवार है जिनका पूरे भारत की अर्थ व्यवस्था पर कब्जा है। अदानी और अंबानी जैसे कार्पोरेट जगत के उद्योगपतियों को 22 प्रतिशत टैक्स भरना पड़ता है वहीं एक आम आदमी को 30 प्रतिशत टैक्स का भुगतान करना होता है। पिछले 10 सालों में इस देश में गरीबों और किसानों का कर्ज माफ नही हुआ लेकिन बड़े-बड़े व्यापारियों के 14 लाख करोड़ के टैक्स माफ किए गए।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि 20 सालों से प्रदेश में भाजपा की सरकार काबिज है और कोई भी वर्ग खुश हो तो बताएं। केन्द्रीय कृषि मंत्री के क्षेत्र में किसानों को खाद नही मिल रहा और उन्हें सुपर फास्फेट लेने के लिए मजबूर किया जा रहा है। किसान- मजदूरों की हालत खराब है लेकिन सरकार अपनी वाहवाही लूट रही है। उन्होंने कहा कि यह कोई धर्म का चुनाव नहीं है इस देश में सभी धर्म एक हैं मैं सभी धर्म का सम्मान करता हूं और यहीं हमारी परंपरा है।
उन्होंने सवाल दागा कि भाजपा कहती है कि दिग्विजय सिंह हिंदू विरोधी है, दिग्विजय सिंह आतंकवादी है। यदि मैं आतंकवादी हूं तो सरकार मुझे गिरफ्तार क्यों नही करती? उन्होंने कहा कि भाजपा में मुझे कोई एक व्यक्ति बता दे जिसने नर्मदा परिक्रमा की हो, मामा ने तो हेलीकॉप्टर से की है, प्रहलाद पटेल ने भी रुक-रुक कर की है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार में पहले नामांतरण और बंटवारे पंचायत में निपट जाते थे। लेकिन अब चक्कर लगाने पड़ते हैं। कांग्रेस की सरकार में साढ़े 3 लाख बेरोजगारों को रोजगार दिया गया। भाजपा बताए किए उन्होंने कितने बेरोजगारों को नौकरी दी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पोलिंग बूथ पर मजबूती के साथ डटे रहने को कहा।