Sehore: सीहोर पुलिस ने डेढ़ किलो डोडा जब्त किया है
- फोटो : अमर उजाला
चोरी-छिपे लाखों के डोडा की डिलीवरी देने आए दो बदमाशों को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एक किलो 600 ग्राम डोडा जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम चरनाल गांव के आगे हिगोनी चरनाल रोड पर दो व्यक्ति किसी व्यक्ति को मादक पदार्थ की डिलीवरी देने के इरादे से पहुंचे हैं। एक व्यक्ति की हल्की दाढ़ी है, वह ग्रे रंग की जैकेट पहने है तथा दूसरा काले रंग की जैकेट पहने है। हरे रंग की मोटरसाइकिल के साथ खड़े हैं। सूचना की तस्दीक पर थाना प्रभारी अहमदपुर शैलेन्द्र सिंह तोमर के नेतृत्व मे गठित टीम ने मौके पर दबिश दी। इस दौरान दोनों आरोपियों को पकड़कर उनके कब्जे से डेढ़ किलो अवैध मादक पदार्थ डोडा जब्त किया गया। आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया। आरोपियों से मादक पदार्थ डोडा के स्रोतो के संबंध मे पूछताछ की जा रही है।
चंदन की लकड़ी की तस्करी करने वाले को एक वर्ष का कारावास
सीहोर में अवैध रूप से चंदन की लकड़ी की तस्करी के मामले में दोषी पाए जाने पर चार लोगों को एक-एक साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई गई है। साथ ही 4500 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। सुनवाई के बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अभिलाष जैन ने चारों को दोषी करार दिया। इनके नाम तालिब, कुलदीप, हमीद एवं वहीद बताए गए हैं।