सीहोर में भालू के हमले से घायल हुआ ग्रामीण आदिवासी।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में बुधनी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शाहगंज के जंगल में ग्रामीण आदिवासी पर भालू ने हमला कर दिया। ग्रामीण ने पेड़ पर चढ़कर अपने आप को बचाने की कोशिश की, लेकिन भालू ने उसका पीछा किया और पैर पकड़कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। युवक का शोर सुनकर अन्य ग्रामीण भी वहां आ गए और भालू भाग खड़ा हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह आदिवासी नन्नू लाल पिता प्रहलाद लाल (55 साल) निवासी मकोडिया खटपुरा घर से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल के पास मवेशी चराने गया था। उसी दौरान अचानक एक भालू ने उस पर हमला बोल दिया। ग्रामीण भालू से अपनी जान बचाने पेड़ पर चढ़ गया। पेड़ पर भी भालू ने पीछा नहीं छोड़ा और ग्रामीण का पैर पकड़कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। ग्रामीण का शोर सुनकर मौके पर ग्रामीण पहुंचे। ग्रामीणों को देखते ही भालू वहां से भाग गया। घायल को 108 एबुंलेंस की सहायता से बुधनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। यहां हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद होशंगाबाद जिला अस्पताल के लिए रैफर कर दिया। वन विभाग के एसडीओ मनोज भदोरिया ने बताया कि भालू के हमले से ग्रामीण आदिवासी के घायल होने की सूचना मिली है। घायल को होशंगाबाद अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां इलाज किया जा रहा है। उसे तात्कालिक मदद के तौर पर एक हजार रुपये की राशि दी गई है।