सीहोर में कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा नवाब की होली की परंपरा को खत्म करना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने शिव होली मनाने की बात कही है। वे इसके लिए आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद से सहयोग लेंगे। पंडित मिश्रा ने व्यासपीठ से शिव महापुराण को राजनीति का अखाड़ा नहीं बनाने की अपील भी की।
बता दें कि शिव महापुराण और रुद्राक्ष महोत्सव निरस्त होने के बाद प्रदेश के कई दिग्गज नेताओं ने मामले में दखल दिया है। भाजपा की ओर से कैलाश विजयवर्गीय, उमा भारती, नरोत्तम मिश्रा, नारायण त्रिपाठी ने आयोजन निरस्त होने के पीछे प्रशासन को दोषी बताया है। प्रशासन पर दवाब बनाने का आरोप भी लगाया है। वहीं बुधवार को पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, विधायक विशाल पटेल के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल भी प्रदीप मिश्रा से मिला था। इसके बाद पंडित मिश्रा ने शिव महापुराण को राजनीति का अखाड़ा नहीं बनाने की बात कही।
हिंदू संगठनों से मांगा सहयोग
पंडित मिश्रा ने कहा कि वे शिव महापुराण हिंदुओं को एकजुट करने के लिए ही करते हैं। रुद्राक्ष उत्सव के निरस्त होने के बाद दूर-दूर से आए श्रद्धालुजनों के लिए सीहोर के हर जाति के हिंदुओं द्वारा अपने दरवाजे खोल दिए हैं। ब्राह्मण, क्षत्रिय, ताम्रकार, यादव, रजक, मालवीय, वाल्मीकी सभी ने अपने समाज की धर्मशालाओं में जगह दी है। इसके लिए सीहोर की जनता को सराहा। बता दें कि तीन दिन पहले सीहोर में पंडित प्रदीप मिश्रा की जिस श्री शिव महापुराण कथा आयोजन से भोपाल से इंदौर तक जाम के हालात बने थे।
पंडित प्रदीप मिश्रा ने ऐलान किया है कि वे भोपाल के नवाब के पांच दिन तक होली के लिए अलग-अलग जगह जाने वाली परंपरा को खत्म करेंगे। उन्होंने कहा कि नवाब होली मनाते थे लेकिन अपने ऊपर रंग चढ़ने पर सजा भी देते थे तो उनकी नवाब होली की परंपरा को बदलने के लिए वे शिव होली खेलने निकलेंगे। सीहोर, इछावर, आष्टा, जावर में होली दूसरे, तीसरे, चौथे और पांचवें दिन तक मनाने की परंपरा है। पंडित मिश्रा ने हिंदुओं को आव्हान किया कि वे अपने-अपने यहां गुलाल खरीदकर रखेंगे, बदलेंगे परंपरा। इस काम में वे आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और दुर्गा वाहिनी का साथ लेंगे।
कथा के बाद आरती में मंच पर कई कांग्रेस नेता नजर आए। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, विधायक विशाल पटेल, विधायक संजय शुक्ला व मनोज चावला, पूर्व विधायक रमेश पटेल व शैलेंद्र पटेल सहित कई अन्य नेता शामिल हुए। गौरतलब है कि पीसीसी की ओर से प्रतिनिधिमंडल के रूप में ये सभी नेता पंडित मिश्रा से मुलाकात करने पहुंचे थे।