Sehore: पंचवेली एक्सप्रेस के सीहोर स्टेशन पर रुकने पर रेलवे स्टाफ का सम्मान किया गया।
- फोटो : फाइल फोटो
इंदौर-छिंदवाड़ा पंचवेली एक्सप्रेस ट्रेन ढाई साल बाद सीहोर रेलवे स्टेशन पर रुकी। राष्ट्रीय मानव अधिकार मंच के कार्यकर्ताओं ने स्टेशन प्लेटफार्म नंबर 2 पर पहुंचकर ट्रेन के ड्राइवर, गार्ड सहित स्टेशन मास्टर और जीआरपी कर्मियों का साफ बांधकर पुष्प मालाएं पहनाकर स्वागत किया।
राष्ट्रीय मानव अधिकार मंच के प्रदेशाध्यक्ष और सद्भावना एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष नौशाद खान और वरिष्ठ कांग्रेस नेता समाजसेवी डॉक्टर अनीस खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं के द्वारा बीते कई महीनों से सीहोर स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों के ठहराव की मांग की जा रही थी। रेलवे ने कोरोना के बढते प्रकोप के कारण अनेक ट्रेनों को बंद कर दिया था। जिस को लेकर मंच के कार्यकर्ताओं ने नौशाद खान और डॉ अनीस खान के नेतृत्व में समय-समय पर डीआरएम रतलाम के नाम ज्ञापन स्टेशन मास्टर को सौंपकर ट्रेनों के सीहेार स्टेशन पर स्टॉपेज की जनहित में मांग की गई थी।
रतलाम मंडल के द्वारा गाड़ी संख्या 19343 इंदौर-भंडारकुड-छिंदवाड़ा एक्सप्रेस शुरू की गई है। यह गाड़ी इंदौर से प्रतिदिन 13.05 बजे चलकर देवास, रनायला, जसमिया, मक्सी, बेरछा, अकोदिया, शुजालपुर, कालापीपल से सीहोर स्टेशन पर 4 बजकर 23 मिनट पर पहुंचेगी और 4 बजकर 25 मिनट पर रवाना होगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 19344 छिंदवाड़ा-इंदौर एक्सप्रेस 16 जनवरी रविवार से छिंदवाड़ा से प्रतिदिन 22.30 बजे चलकर इंदौर के लिए रवाना होगी और सीहोर रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन सुबह 9 बजकर 1 मिनट पर पहुंचेगी और 9 बजकर 3 मिनट पर अगले स्टेशनों के लिए रवाना होगी। जिसका लाभ सीहेार से इंदौर और भोपाल रूट पर यात्रा करने वाले हजारों नागरिकों को मिलेगा।