गुना में रिश्वत लेते सचिव गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस ने गुना में पंचायत सचिव को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी ने काम पूरा होने के बाद सरपंच-सचिव को हैंडओवर करने के बदले में ठेकेदार से 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
आरोपी सचिव जनपद पंचायत गुना के अंतर्गत ग्राम पंचायत गोपालपुर टकटैया में पदस्थ है। पंचायत में नल-जल योजना के अंतर्गत जेन कंस्ट्रक्शन कम्पनी ने 12 लाख रुपये का निर्माण कार्य किया था। काम पूरा होने पर सरपंच-सचिव को हैंड ओवर करना था, जिसके बदले पंचायत सचिव देवनारायण शर्मा ने ठेकेदार से 50 हजार रुपये की डिमांड की थी।
निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया ने बताया कि फरियादी अरशद खान ने लोकायुक्त कार्यालय में 21 फरवरी को शिकायत की थी, कि पंचायत सचिव देवनारायण शर्मा के द्वारा 50 हजार रुपये की मांग की जा रही है। शिकायतकर्ता के द्वारा जल जीवन योजना के तहत ग्राम पंचायत गोपालपुर टकटैया में पाईप लाइन बिछाने नल कनेक्शन का काम किया था। काम पूरा होने के बाद हैंडओवर करने और उस पर हस्ताक्षर करने के लिए पंचायत सचिव द्वारा राशि की मांग की जा रही थी। शिकायत पर लोकायुक्त ने रिकॉर्डर इशु किया और उसमें देवनारायण शर्मा द्वारा 50 हजार रुपये की डिमांड की गई और 40 हजार रुपये देने पर बात पक्की हो गई। पूरी बात होने के बाद ग्वालियर लोकायुक्त की टीम ने गुना पहुंचकर पंचायत सचिव को हनुमान चौराहे पर 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।