केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर में बड़ी घोषणा की है।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर में बड़ी घोषणा की है। उन्होंने बताया कि गोरखपुर-वाराणसी विमान सेवा के शुभारंभ के साथ ही लंबे समय से प्रभावित सभी राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा शुरू कर दी गई हैं।
ग्वालियर में पत्रकारों से चर्चा में सिंधिया ने कहा कि आज का दिन बहुत ही महत्वपूर्ण है, इसके दो कारण हैं। पहली बात तो ये कि आज से भारत में समर शेड्यूल के आधार पर नए फ्लाइट्स का अनावरण हो रहा है। 135 नए डोमस्टिक फ्लाइट्स का अनावरण हुआ है। 15 इंटरनेशनल फ्लाइट्स, कुल मिलाकर 150 नए फ्लाइट्स की शुरुआत समर शेड्यूल में हो रही है। आज सुबह गोरखपुर और वाराणसी के बीच फ्लाइट का उद्घाटन उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के साथ मैंने वर्चुअली किया है। तो एक तरफ समर शेड्यूल के तहत देश के यात्रियों के लिए 135 नई फ्लाइट्स की शुरुआत की गई। वहीं अंतरराष्ट्रीय जगत के लिए आज के दिन से सारे इंटरनेशनल कनेक्शन की शुरुआत की जा रही है।
बता दें कि देश व विदेश की लगभग 150 विमान सेवाएं कोरोना काल के चलते पिछले दो साल से बुरी तरह से प्रभावित हो रही थीं। इससे यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। रविवार सुबह यूपी के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुख्यातिथ्य में गोरखपुर से वाराणसी नई विमान सेवा का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया गया। इस मौके पर ग्वालियर से केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जबकि दिल्ली से सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री जनरल वी के सिंह वर्चुअली जुड़े।
ग्वालियर में सिंधिया ने कहा कि दो साल कोविड महामारी के उपलक्ष्य में भारत से आवागमन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर केवल एयर बबल्स के आधार पर निर्धारित किया गया था। आज दोबारा भारत नई ऊर्जा और उमंग से उबर रहा है। और इसी आधार पर 100 प्रतिशत इंटरनेशनल कनेक्टिविटी की शुरुआत आज से हो रही है। मुझे पूरा विश्वास है कि भारत का नागरिक अंतरराष्ट्रीय जगत में जाने के लिए उत्सुक है, वहीं विदेशी यात्री भारत में आने के लिए उत्सुक है। उनके आवागमन के लिए ये सुविधाजनक वातावरण आज से फिर बना है।
सिंधिया ने कहा कि नागर विमान क्षेत्र की क्षमता पीएम के नेतृत्व में जहां एक तरफ एयरपोर्ट की अधोसंरचना में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है। वहीं उड़े देश के आम नागरिक के तहत 91 लाख नागरिकों को किफायती दाम पर फ्लाइट कनेक्टिविटी 1 लाख 75 हजार फ्लाइट्स के जरिए आज तक संभव हो पाया है। हमारी विचारधारा है कि नागर विमानन क्षेत्र केवल देशों को नहीं जोड़ता, केवल राज्यों को नहीं जोड़ता, केवल जिलों को नहीं जोड़ता, केवल लोगों को नहीं जोड़ता, लेकिन दिलों को जोड़ता है। इस क्षेत्र में वृद्धि प्रधानमंत्री के आदेश के अनुसार लाने के लिए हम कृतसंकल्पित हैं।