सतना के वॉटर पार्क में बदमाशों के सामने जो आया, उसे उन्होंने पीटा।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के सतना में लड़कियों से छेड़खानी का विरोध करने पर वॉटर पार्क में बदमाशों ने परिवार के साथ जमकर मारपीट की। बदमाशों के सामने जो आया, उसे पीटते चले गए। कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए। हमले के बाद बदमाश फरार हो गए। घटना रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के रूहिया स्थित वेकेशन वॉटर पार्क की है।
दरअसल, वेकेशन वॉटर पार्क में मारपीट की यह बड़ी घटना हुई है। मामला रविवार का है। कुछ लड़कियां वॉटर पार्क में अपने परिजनों के साथ छुट्टी मनाने गई थीं। लड़कियों के साथ बदमाशों ने बार-बार छेड़खानी करने की कोशिश की। इसकी शिकायत उन्होंने अपने परिजनों से की। जब छेड़खानी का परिवार ने विरोध किया तो दूसरे पक्ष ने अपने साथियों को लाठी-डंडे के साथ मौके पर बुला लिया। इस घटना में कुछ लोग घायल हुए हैं। एडिशनल एसपी सुरेंद्र जैन ने कहा कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सभी हमलावरों की पहचान कर ली गई है। उनकी तलाश की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। कुछ अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।