मध्यप्रदेश के सतना में चर्च में चल रही शादी को रुकवाने के बाद हिंदूवादी संगठनों ने अब नई मुहिम शुरू कर दी है। इंडियन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार हिंदू संगठनों ने घोषणा की है कि अब वह रविवार को चर्च में होने वाली प्रार्थना के विरोध में घर घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे। आरोप है कि रविवार को चर्च में होने वाली प्रार्थना सभा में लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए उकसाया जाता है।
बता दें कि बुधवार को बजरंग दल और वीएचपी के सदस्यों ने पुलिस के साथ जाकर चर्च में चल रही शादी को रुकवा दिया था। सिद्धार्थनगर के इस चर्च में अरुण कुशवाहा और सुभद्रा कुशवाहा के बीच विवाह हो रहा था, लेकिन पुलिस के हस्तक्षेप के कारण शादी संपन्न नहीं हो पाई।
मामले में दूल्हा दुल्हन और चर्च के फादर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामले में बाल विवाह का मुकदमा भी दर्ज किया गया था क्योंकि दुल्हन सुभद्रा की उम्र 18 साल से कुछ कम थी।
रविवार को हिंदू संगठनों के एक समूह ने चर्च के नजदीक स्थित सातों मोहल्लों में घर घर जाकर लोगों को क्रिश्चियन मिशनरीज द्वारा धर्म परिवर्तन के लिए चलाई जा रही मुहिम के संबंध में जागरूक किया।