सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र स्थित गल्ला मंडी के पास बुधवार रात एक युवक खून से लथपथ अवस्था में मिला। परिजनों द्वारा अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान रवि पिता भूरे आदिवासी (30 वर्ष) निवासी वनगुवां के रूप में हुई। पत्नी अनीता आदिवासी ने बताया कि उनके घर के लिए सरकार द्वारा कुटीर (प्रधानमंत्री आवास योजना) स्वीकृत हुआ है, जिसका निर्माण जारी था। बुधवार दोपहर रवि घर से सागर बाजार के लिए निकले थे। उनके पास कुटीर की किस्त के पैसे भी थे।
शाम तक जब रवि घर नहीं लौटे, तो पत्नी अनीता और परिवार के अन्य सदस्यों ने उनकी तलाश शुरू की। गल्ला मंडी के पास शराब दुकान के सामने गली में रवि खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। उनके शरीर पर धारदार हथियार से किए गए घाव स्पष्ट थे। परिजन उन्हें तत्काल ऑटो रिक्शा से अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। कुछ संदिग्धों की पहचान की गई है, और उनकी तलाश जारी है।
परिवार का बयान
अनीता ने बताया कि रवि के पास कुटीर निर्माण की किस्त के पैसे थे, जिससे लूटपाट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस दिशा में भी जांच कर रही है। फिलहाल, पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
युवक की हत्या
युवक की हत्या