सागर जिले के राहतगढ़ इलाके में बिजली गिरने से दो युवक बेहोश हो गए जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना राहतगढ़ के वार्ड नंबर 13 मड़ा मंदिर के पास की है, जहां एक बरगद के पेड़ के नीचे लोहेपीटा (लौह गड़िया) समाज के लोग अपनी सामाजिक बैठक कर रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, बैठक के दौरान अचानक तेज बारिश होने लगी। बारिश से बचने के लिए अधिकांश लोग अपने-अपने घरों को चले गए, लेकिन कज्जू और धक्कू नाम के दो युवक पेड़ के नीचे बैठकर मोबाइल चला रहे थे। अचानक तेज आवाज के साथ पेड़ पर बिजली गिरी और उसकी चपेट में आकर दोनों युवक बेहोश हो गए।
परिजनों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। इस घटना ने लोगों को यह संदेश दिया है कि बारिश के दौरान पेड़ के नीचे शरण लेना और मोबाइल का उपयोग करना कितना खतरनाक हो सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी परिस्थितियों में बिजली के गिरने का खतरा अधिक होता है और सावधानी बरतनी चाहिए।