ट्रैक्टर पलटने से ड्राइवर की मौत
- फोटो : अमर उजाला
सागर जिले के देवरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाइवे-44 पर मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे सोनालिका कंपनी के नए दो ट्रैक्टर पलटकर खाई में गिर गए, जिसमें एक ट्रैक्टर चालक गजेंद्र पिता राजेंद्र दांगी 26 साल निवासी ग्राम पड़रई की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, दूसरे ट्रैक्टर का चालक घायल हो गया है।
घायल अभिषेक पिता संतोष दांगी (23) निवासी ग्राम पड़रई ने बताया कि वह लोग भोपाल से सोनालिका कंपनी के दो नए ट्रैक्टर लेकर देवरी के रोहित ट्रैक्टर एजेंसी के लिए ला रहे थे। दोनों ट्रैक्टर टोचिंग कर चलाकर ला रहे थे, जो कि फोरलेन पर ट्रक को साइड देने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक गजेंद्र दांगी ने अचानक ट्रैक्टर सड़क के किनारे मोड़ दिया, जिससे उनके पीछे का पहिया दूसरे ट्रैक्टर के अगले पहिए में फंस गया और दोनों ट्रैक्टर नीचे खाई में गिर गए, जिससे गजेंद्र दांगी ट्रैक्टर के नीचे दब गया। उसके सिर और सीने में गंभीर चोट आई।
यह भी पढ़ें: भोपाल एयरपोर्ट पर पहली बार लैंड हुआ बोइंग 777-300 ईआर विमान, अब लंबी दूरी की फ्लाइट उतर सकेंगी
घटना की जानकारी लगते ही पास में स्थित ढाबा और आसपास के लोगों ने आकर गजेंद्र को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला। लेकिन जब तक गजेंद्र ने दम तोड़ दिया था। इसी बीच लोगों ने 108 एंबुलेंस और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही देवरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा मृतक का शव रात्रि में ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। बुधवार की सुबह पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।