गुरुवार का दिन सागर जिले में सड़क हादसों का दिन रहा, इस दिन अलग-अलग हुई सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की जान चली गई। वहीं एक अन्य गंभीर अवस्था में जिंदगी ओर मौत के बीच झूल रहा है।
जिले में दुर्घटना का पहला मामला सागर जिला अंतर्गत रहली थाना क्षेत्र से सामने आया। जहां छिरारी से चांदपुर रोड पर बनी गौशाला के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने टकरा गईं, जिसमें तीन व्यक्तियों की मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर घायल हो गया जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम छिरारी निवासी तीन लोग अपने खेत से गेहूं की बोरी रखकर छिरारी जा रहे थे। तभी छिरारी तरफ से एक व्यक्ति चांदपुर की ओर जा रहा था। गौशाला के पास दोनों की मोटरसाइकिलें आमने-सामने से टकरा गईं। दोनों मोटरसाइकिलें तेज रफ्तार में थीं। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिलों के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। एक को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जिसका प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर किया गया। इस सड़क हादसे में हरिओम गौड़, बाबू गौड़ छिरारी, जीवन अहिरवार ग्राम मुहली की मौत हो गई एवं चंद्रभान गौड़ गंभीर है। इसे जिला अस्पताल रेफर किया है। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें-
सागर में खड़े ट्रक ने ली दो की जान, पीछे से आकर टकराईं तेज रफ्तार दो कारें, दो घायलों की हालत खराब
दो नवयुवकों की मौत
दूसरा सड़क हादसा जिले के बहरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत सागर धामोनी सड़क मार्ग पर हुआ। यहां ग्राम कुल्ल के पास दो मोटरसाइकिलें आपस में भिड़ गईं। इस हादसे में दो नवयुवकों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई तथा एक अन्य घायल हो गया है। मिली जानकारी अनुसार मृतकों में टीकाराम ग्राम बमूरा तथा दूसरा मृतक राहुल आदिवासी ग्राम सढेरी जिला सागर शामिल है। हादसे की जानकारी राहगीरों ने पुलिस को दे दी थी। मौके पर पहुंची थाना पुलिस की टीम ने घायल को जिला चिकित्सालय भेजा है।
ये भी पढ़ें-
शासकीय मदिरा लेकर इंदौर से जबलपुर जा रहा ट्रक पलटा, लगी भीषण आग, ड्राइवर की मौत, एक लापता
हेलमेट होता तो बच सकती थी जान
जिले में आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में मौत का शिकार बन रहे अधिकांश मोटरसाइकिल सवार बिना हेलमेट के वाहन चलाते हैं। गुरुवार को हुए इन सड़क हादसों में मौत का शिकार हुए यह सभी बाइक सवार भी बिना हेलमेट के थे, अगर यह हेलमेट लगाए होते तो शायद इनकी जान बचाई जा सकती थी।
सड़क हादसा
सड़क हादसा