सागर के बरोदिया नौनागिर गांव में रक्षाबंधन के दिन पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को राखी बांधने वाली महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग ने महिला को दवाएं देकर होम क्वारंटीन कर दिया है।
गुरुवार को महिला की कोरोना रिपोर्ट आने के बाद नायब तहसीलदार रमेश कोष्ठी और स्वास्थ्य विभाग के दल ने बरोदिया नौनागिर गांव पहुंचकर 55 वर्षीय भागवती अहिरवार को कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी। इसके बाद, डॉ. नीतेश दुबे सहित स्वास्थ्य दल के सदस्यों ने उन्हें मास्क और दवा दी। साथ ही उन्हें होम क्वारंटीन करते हुए सभी को दूरी बनाए रखने समेत अन्य आवश्यक निर्देश दिए गए।
बीएमओ डॉ. शेखर श्रीवास्तव ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बरोदिया नौनागिर आए थे, जहां वह मृतक अंजना और मृतक राजेन्द्र अहिरवार के परिवार से मिलने गए थे। अगले दिन एक व्यक्ति को कोरोना पॉजिटिव होने की सूचना मिली थी। इसके बाद, सीएमएचओ डॉ. ममता तिमोरी ने स्वास्थ्य दल का गठन कर सैंपल लेने के निर्देश दिए। 15 सैंपल लिए गए थे, जिसमें परिजन, एसडीएम, एसडीओ पुलिस सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के सैंपल शामिल थे। इनमें से एक सैंपल पॉजिटिव पाया गया है। कोरोना के मामलों को बढ़ने से रोकने के लिए सभी को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।