उत्तर वन मंडल के मालथौन वन परिक्षेत्र में कीमती खैर लकड़ी की तस्करी का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने दरम्यानी रात 3 बजे एक पिकअप वाहन को पकड़ा, जिसमें सब्जी की टोकरियों की आड़ में लकड़ियां छुपाई गई थीं। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी को सूचना मिली थी कि जंगल से अवैध रूप से लकड़ियों से भरा वाहन निकलने वाला है। इसके बाद वन विभाग की टीम ने नोनिया धामोनी वीट के पास चेकिंग अभियान शुरू किया। बम्होरी माफी के पास यूपी 95 टी 0385 नंबर की पिकअप गाड़ी को रोककर जांच की गई। पूछताछ में चालक ने गाड़ी में सब्जियां भरी होने की बात कही, लेकिन जब टीम ने टोकरियां हटाकर जांच की तो अंदर कीमती खैर लकड़ी पाई गई।
गाड़ी जब्त, आरोपियों पर मामला दर्ज
वन विभाग की टीम ने वाहन और लकड़ियों को जब्त कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हरिश्चंद्र पटेल (45) निवासी थाना महाराजपुर, छतरपुर और प्रकाश गौंड (22) निवासी पापड़ा, जिला ललितपुर के रूप में हुई है। वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों से यह पता लगाया जा रहा है कि वे लकड़ी कहां से लाए थे और कहां ले जा रहे थे।
पहले भी हो चुकी है खैर की अवैध कटाई
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में जंगल से खैर की अवैध कटाई के मामले सामने आए थे। वन विभाग लगातार इस तरह की तस्करी पर नजर रखे हुए है। अधिकारी इस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटे हैं और जल्द ही इस गिरोह के अन्य सदस्यों की भी गिरफ्तारी संभव है।
लकड़ी चोर पकड़ाए
लकड़ी चोर पकड़ाए