सागर में नाले में बहे बच्चे को निकालने के लिए जेसीबी की मदद से पाइप हटाए गए।
- फोटो : अमर उजाला
रविवार की दोपहर हुई तेज बारिश ने एक मासूम की जान ले ली। घटना मकरोनिया थाना क्षेत्र के नरवानी रोड की है, जहां 6 साल का कबीर तेज बारिश के दौरान उफनते नाले में बह गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, मासूम कबीर (पिता जुगल अहिरवार) उम्र 6 वर्ष, स्थानीय गुड़ा फाटक के पास रहता था। उसके माता-पिता मजदूरी करते हैं और यह परिवार किराए के घर में रहता था। इसके घर के पास से बरसाती नाला निकला है जो रविवार दोपहर बाद हुई तेज बारिश में पूरे उफान पर था। मृतक इसी नाले के तेज बहाव में बह गया।
घटना की सूचना मिलते ही मकरोनिया पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे की तलाश शुरू की। सागर एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया। कड़ी मशक्कत और जेसीबी की मदद से नाले में डली पुलिया को हटाकर बच्चे को तलाशा गया, जिसके बाद मासूम को अचेत अवस्था में पाया गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।