सागर जिले की देवरी तहसील अंतर्गत एक गांव में आकाशीय बिजली गिरने से बाप-बेटे की मौत हो गई। घटना देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी पाठक में शाम करीब 5:30 बजे उस समय घटित हुई, जब बाप-बेटे अपने खेत में मूंग की फसल के बाद खेत की सफाई कर रहे थे।
बता दें कि इसी दौरान बारिश के साथ तेज आवाज में आकाशीय बिजली गिर गई, जिसमें 70 वर्षीय पुरुषोत्तम पिता खूबचंद अहिरवार निवासी पिपरिया पाठक और उनके 22 वर्षीय पुत्र राजेश अहिरवार की मौके पर मौत हो गई। आकाशीय बिजली का प्रकोप इतना अधिक तेज था कि आसपास में लगे पेड़ पौधे टूटकर उखड गए।
घटना के बाद परिजन दोनों को ट्रैक्टर-ट्रॉली से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी लेकर आए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक के भतीजे अखिलेश अहिरवार ने बताया, बाप-बेटे दोनों खेत में मूंग की फसल की कटाई के बाद खेत साफ कर रहे थे। उसी समय आकाशीय बिजली गिरने से दोनों की घटना स्थल पर मौत हो गई।