भोपाल से सागर के बिलहरा जा रही यात्री बस और डंपर की जैसीनगर के पास टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं 24 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में जारी है।
सागर के जैसीनगर थाना क्षेत्र में बस और डंफर की आमने सामने से टक्कर हो गई। दो लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं बस में सवार 24 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भेज दिया गया है, जहां सभी का इलाज जारी है।
घटनाक्रम के अनुसार जैसीनगर थाना क्षेत्र के हिन्नखेड़ा गांव के पास हुए इस हादसे में दोनों वाहन की भिड़ंत रोड क्रास करते वक्त हुई। दोनों एक-दूसरे से टकरा गए। दोनों वाहनों के ड्राइवर केबिन पूरी तरह चकनाचूर हो गए। जिससे यह समझा जा सकता है कि बस और डंपर दोनों की रफ्तार तेज थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों वाहनों के ड्राइवरों को निकाला गया। अन्य घायल यात्रियों के साथ इलाज के लिए सागर बुंदेलखंड मेडिकल कालेज भेजा गया।
जानकारी के अनुसार यह यात्री बस भोपाल से जैसीनगर थाना क्षेत्र के बिलहरा जा रही थी। बस में अधिकांश बिलहरा के निवासी सवार थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भेजने के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को रोड से किनारे कर यातायात शुरू करने के प्रयास में जुट गए।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पहुंचे बीएमसी घायलों का जाना हाल
घटना की जानकारी लगने के बाद स्थानीय विधायक और मंत्री गोविंद सिंह राजपूत बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने घायलों का हाल जाना और इसके साथ ही उन्होंने डॉक्टरों को घायलों की हर संभव मदद करने और बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार पति पत्नी को रौंदा, मौके पर हुई मौत
सागर-सागर के गढ़ाकोटा में स्कूटी से मंदिर जा रहे पति-पत्नी को तेज रफ्तार डंपर ने रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दंपती दुकान बंद करने के बाद रात 9 बजे घर से मंदिर के लिए स्कूटी पर सवार होकर निकले थे। इसी दौरान सामने से आ रहा तेज रफ्तार डंपर ने दोनों को रौंद दिया।
जानकारी के अनुसार सागर जिले के गढ़ाकोटा निवासी संजय बारमोदी, पत्नी संजना बारमोदी के साथ स्कूटी पर सवार होकर पटेरियाजी मंदिर, जैन मंदिर जा रहे थे।इसी दौरान जैन मंदिर के पास रास्ते में एक तेज रफ्तार डंपर ने दोनों को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद आसपास के लोगों की वहां भीड़ जमा हो गई और पुलिस भी मौके पर पहुंची। डंपर को जब्त कर लिया गया है। वहीं डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच की शुरू दी।