बलिया से लोकमान्य तिलक तक जाने वाली कामायनी एक्सप्रेस में बम होने की सूचना के बाद हड़कंप मच गया। सागर जिले के बीना जंक्शन पर ट्रेन को रोककर जांच की गई। घंटों चली जांच के बाद बम की बात अफवाह साबित हो गई। यात्रियों को ट्रेन में बैठाया जा रहा है। कुछ देर में ट्रेन रवाना की जाएगी।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर में बीना रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया, जब यहां रुकी ट्रेन में बम होने की सूचना पर आरपीएफ की टीम पहुंची। बलिया से लोकमान्य तिलक टर्मिनस तक जाने वाले 11072 कामायनी एक्सप्रेस को बीना स्टेशन पर रोका गया। आरपीएफ, जीआरपी के साथ ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। भोपाल कंट्रोल रूम रेलवे के आदेश पर ट्रेन की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि ट्रेन में बम होने की अफवाह के चलते ये सारी कवायद की गई। कुछ डिब्बों से यात्रियों को भी निकाला गया और जांच की गई।