सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवती के साथ दुराचार के बाद उसकी हत्या कर शव को कुएं में फेंकने के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने त्वरित और सूझबूझ भरी कार्रवाई करते हुए हाईवे निर्माण कार्य में लगे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपनी शादी की बात छिपाने और पोल खुलने के डर से इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को मोतीनगर थाना क्षेत्र के एक फरियादी ने अपनी पुत्री के घर से रहस्यमय तरीके से लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन युवती का कोई पता नहीं चला। इसके बाद, 10 अक्टूबर 2026 को घर से महज 200 मीटर दूर स्थित एक कुएं में लापता युवती का निर्वस्त्र अवस्था में शव बरामद हुआ। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मोतीनगर पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर गहन छानबीन शुरू की।
ये भी पढ़ें-
झोलाछापों पर स्वास्थ्य विभाग का शिकंजा, तीन क्लिनिक और पैथोलॉजी लैब सील; बिना डिग्री मरीजों का इलाज
हाईवे के संदिग्ध श्रमिक तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने गांव और आसपास चल रहे हाईवे निर्माण कार्य में जुटे मजदूरों से पूछताछ की। इस दौरान यह महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया कि निर्माण कार्य में लगा एक युवक घटना के ठीक बाद से ही छुट्टी पर चला गया था। इस अहम सुराग के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध अजय कुमार (19 वर्ष), निवासी ग्राम ढमक, थाना अमिलिया, जिला सीधी को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 103(1) तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) का इजाफा कर दिया है।
शादी की बात छिपाने के लिए उठाया खौफनाक कदम
पुलिस पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा हुआ कि आरोपी की मृतका से घटना से करीब 15-20 दिन पहले पहचान हुई थी। घटना की रात जब परिवार के लोग सो रहे थे, तब आरोपी ने युवती को घर के बाहर बुलाया और उसके साथ दुराचार किया। इसी दौरान युवती के परिजन उसकी तलाश करते हुए बाहर निकले। युवती ने आरोपी से विवाह करने की जिद की और उसके विवाहित होने की सच्चाई दोनों परिवारों को बताने की बात कही। अपनी शादी का राज खुलने के डर से घबराए आरोपी ने युवती को जान से मारने की नीयत से कुएं में धक्का दे दिया और उसके कपड़े भी कुएं में ही फेंक दिए। इसके बाद वह अपने शिविर में जाकर सो गया और अगले दिन अपने गृह जिला सीधी भाग गया।
न्यायालय में पेश किया गया आरोपी
मोतीनगर पुलिस ने आरोपी अजय कुमार को गिरफ्तार कर 18 अक्टूबर 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। पुलिस इस मामले में आगे की वैधानिक और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई में जुटी है।