सागर जिले में खुरई के बरोदिया नोनागिर गांव में विवाद के दौरान हुई हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटनाक्रम में मामले ने अब राजनैतिक रूप अख्तियार कर लिया है। कांग्रेस पार्टी ने इस मामले में आक्रामक रुख दिखाया है। इस घटनाक्रम के बाद गांव में सोमवार को जहां प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पहुंचे थे। वहीं, मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी गांव पहुंचे।
बता दें कि गांव पहुंचकर जीतू पटवारी ने इस घटना के पीड़ित परिवार से मुलाकात की तथा उनसे विस्तार से मामले का हाल जाना। इस दौरान पटवारी ने पीड़ित परिवार के सदस्य की राहुल गांधी से बात कराई। जीतू पटवारी सबसे पहले अंजना अहिरवार के घर पहुंचे। इस दौरान परिजनों ने उन्हें घटना के समय के वीडियो और दस्तावेज दिखाए। परिजनों ने जीतू पटवारी से अंकित ठाकुर का नाम एफआईआर में जोड़ने और मामले की सीबीआई जांच की मांग की है।
पीड़ित के परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि प्रदेश में दलित आदिवासी होना अभिशाप हो गया है। यहां जंगलराज है, इसके अलावा उन्होंने इस घटनाक्रम के बारे में कहा कि पीड़ित परिवार की सुरक्षा क्यों हटा दी गई थी। उन्होंने पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। पटवारी ने कहा कि उन्होंने पीड़ित परिवार के सदस्य की राहुल गांधी से बात कराई है और कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। अगर सरकार इन्हें न्याय नहीं देती है तो कोर्ट तक इस मामले को ले जाया जाएगा।
बता दें कि बरोदिया नोनागिर गांव में शनिवार रात रंजिश के चलते विवाद हो गया था। इसमें दो लोग घायल हो गए थे। इनमें से एक घायल राजेंद्र अहिरवार की इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो गई थी। रविवार शाम युवक का पोस्टमॉर्टम कराकर जब शव वापस गांव लाया जा रहा था। उस शव वाहन में उसमें मृतक के रिश्ते की भतीजी अंजना अहिरवार बैठी हुई थी।
गांव पहुंचने से पहले अंजना अहिरवार ने चलती एंबुलेंस से छलांग लगा दी थी। गिरने के कारण उसे सिर में गंभीर चोट आई, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। युवती का सोमवार को सागर में पीएम कराने के बाद शव को गांव लाया गया था। जहां युवती के अंतिम संस्कार में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी शामिल हुए थे। गांव में लगातार वीआईपी मूवमेंट को लेकर प्रशासन ने भी भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है। जिले के वरिष्ठ अधिकारी यहां लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।