शादी समारोह से आ रहे तीन युवकों पर अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला किया है। युवके ने अपने साथ होने वाली लूट का विरोध किया तो उनके ऊपर घातक वॉर कर दिया गया। यह पूरा मामला सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र का है।
सागर में तीन अज्ञात अपराधियों ने मोतीनगर थाना क्षेत्र में शादी समारोह से लौट रहे तीन युवकों पर धारदार कटर से जानलेवा हमला कर दिया। युवकों ने बदमाशों की लूटपाट की कोशिश का विरोध किया तो मारपीट शुरू कर दी।। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन
शादी से लौट रहे थे युवक, रास्ते में घेरा
तीनों युवक एक शादी समारोह (बारात) में शामिल होकर देर रात अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मोतीनगर इलाके में गुलाब बाबा मंदिर के पास घात लगाए बैठे दो बदमाशों ने उनकी बाइक को जबरन बीच रास्ते में रोक लिया। बदमाश युवकों से बाइक की चाबी और उनके पास रखी नकदी छीनने का प्रयास करने लगे।
कटर से पेट और गले पर किए ताबड़तोड़ वार
जब युवकों ने बदमाशों का मुकाबला किया और पैसे देने से इनकार कर दिया, तो बौखलाए बदमाशों ने जेब से धारदार कटर निकालकर उन पर हमला बोल दिया। बदमाशों ने युवकों के पेट, चेहरे और गले पर बेरहमी से कटर से कई वार किए। हमले के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। लहूलुहान हालत में तीनों युवक वहीं गिर पड़े, जिन्हें देख आरोपी मौके से भाग निकले।
विज्ञापन
बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी, हालत नाजुक
राहगीरों और स्थानीय लोगों की सूचना पर तुरंत घायलों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, धारदार हथियार के वार गहरे होने के कारण युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, सूचना मिलते ही मोतीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर वारदात में इस्तेमाल कटर को जब्त कर लिया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठा रहे हैं। मामले में मोतीनगर पुलिस का कहना है कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।