इन दिनों सागर शहर में एक अजीब लेकिन दिलचस्प ट्रेंड लोगों की जिज्ञासा का कारण बना हुआ है। गलियों, मोहल्लों और यहां तक कि सरकारी बंगलों के बाहर भी लाल रंग की बोतलें लटकती नजर आ रही हैं। पहली नजर में देखने वाले इन्हें कुछ और ही समझ बैठते हैं, लेकिन हकीकत कुछ और ही है।
दरअसल, ये लाल बोतलें किसी टोने-टोटके का हिस्सा नहीं, बल्कि कुत्तों को भगाने का देसी उपाय बताई जा रही हैं। लोगों का मानना है कि लाल रंग कुत्तों की आंखों में परेशानी पैदा करता है, जिससे वे उस जगह के पास नहीं आते। वहीं, कुछ लोग कहते हैं कि कुत्ते अक्सर घर के बाहर गंदगी कर जाते हैं। कई बार घर में घुस जाते हैं। बच्चों को अपना निशाना बना लेते हैं। इन तमाम समस्याओं से बचाव के लिए यह तरकीब अपनाई गई है। कुत्तों से बचाव के लिए यह ट्रेंड अब सागर में हर जगह और हर वर्ग के लोगों के बीच चलन में आ गया है। नीचे जो चित्र है, उसमें शहर की ऐसी तमाम जगहें हैं जहां लाल रंग बोतलें लटकाई गई हैं।
अन्य जिलों में भी दिखा यह
यह ट्रेंड अब सिर्फ आम लोगों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अफसर भी इसे अपनाने लगे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, अधिकारियों सरकारी बंगले के बाहर भी ऐसी बोतलें लटकी हुई दिखी है। सरकारी बंगलों में ऐसी बोतलें टंगी होने की तस्वीरें भी सामने आई हैं। बड़ी बात यह है कि यह चलन जबलपुर जिले में भी देखने को मिल रहा है। यहां के स्थानीय निवासी अनिल शर्मा कहते हैं कि डॉग बाइट के बढ़ते मामले चिंता का विषय हैं। कुत्तों से बचाव और उनको दूर भगाने के लिए हम लोग भी अपने घरों में ऐसी बोतलें लगाए हुए हैं।
ये भी पढ़ें- खौफनाक: रील देखकर रची थी जीजा की हत्या की साजिश, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा; साली समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
बड़ा सवाल?
क्या सच में लाल बोतल कुत्तों को दूर रख सकती है, या यह सिर्फ एक और अंधविश्वासी मान्यता है? फिलहाल इतना तय है कि सागर में लाल बोतल का यह अनोखा ट्रेंड लोगों की चर्चा और जिज्ञासा का नया केंद्र बन गया है। घरों और सरकारी दफ्तरों के बाहर टंगी लाल बोतलें अब सागर की नई पहचान बन चुकी हैं।