सागर जिले की रहली विधानसभा क्षेत्र के विधायक और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने वन विभाग तथा वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भालुओं के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए एक आदिवासी युवक को न तो समय पर उचित इलाज मिला और न ही शासन की ओर से कोई आर्थिक सहायता दी गई। पीड़ित की बदहाल स्थिति सामने आने के बाद भार्गव ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जताते हुए वन विभाग के अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
तीन भालुओं ने किया था हमला, गंभीर रूप से घायल हुआ था माधव
घटना गत 9 जुलाई की दोपहर करीब 2 बजे की है। गढ़ाकोटा तहसील के बमनौदा गांव निवासी 40 वर्षीय माधव पुत्र मोहन आदिवासी पर तीन भालुओं ने अचानक हमला कर दिया था। यह गांव वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व से सटा हुआ है। हमले में माधव गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
मौके पर मौजूद अन्य चरवाहों ने उन्हें अचेत अवस्था में दमोह जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत बेहद गंभीर होने के कारण उन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी), सागर रेफर कर दिया गया। यहां करीब 15 दिनों तक उनका इलाज चला, जिसके बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
न इलाज की व्यवस्था हुई, न मिली राहत राशि
पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि घटना के बाद माधव लंबे समय तक बेहोश रहे। वह अशिक्षित भी हैं। इसके बावजूद जगतराई वन चौकी के मैदानी कर्मचारियों और वन मंडल के जिम्मेदार अधिकारियों ने पीड़ित परिवार की सुध नहीं ली। भार्गव के मुताबिक, पीड़ित को न तो शासन की ओर से कोई राहत राशि दी गई और न ही बेहतर इलाज की व्यवस्था कराई गई। बीएमसी में हुए इलाज से संबंधित सभी दस्तावेज आज भी माधव के पास मौजूद हैं।
सिर के घावों से निकल रहा मवाद, बेहतर इलाज के लिए भोपाल भेजा
हाल ही में पड़ोसी गांव खुमेरिया निवासी राजकुमार मिश्रा घायल माधव को लेकर गोपाल भार्गव के पास पहुंचे। माधव की हालत बेहद दयनीय थी। उनके सिर के पुराने घाव अब तक पूरी तरह ठीक नहीं हुए हैं और उनसे लगातार मवाद व पानी निकल रहा है। रात के समय उनकी तकलीफ बढ़ जाती है और गर्दन में लगातार कंपन होता है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गोपाल भार्गव ने अपनी निजी एंबुलेंस से माधव को भोपाल भेजने की व्यवस्था की है। परिजनों के साथ उन्हें बेहतर इलाज के लिए भोपाल रवाना किया जा रहा है।
वन विभाग की जवाबदेही पर उठाए सवाल
गोपाल भार्गव ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र का बड़ा हिस्सा वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आता है। यहां वन्यजीवों के हमलों की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं, लेकिन हैरानी की बात है कि वन विभाग का कोई अधिकारी ऐसे मामलों में अपनी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ स्थानीय लोग वन विस्थापन की प्रक्रिया से पहले से ही नाराज हैं, वहीं दूसरी तरफ वन्यजीवों के हमलों से उन्हें अपनी और परिवार की सुरक्षा की चिंता सता रही है। ऐसे संवेदनशील मामलों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को मैदानी क्षेत्रों में पदस्थ रखना उचित नहीं है।
भार्गव ने बताया कि उन्होंने इस पूरे मामले की जानकारी वन विभाग के प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह को फोन पर दे दी है। साथ ही मैदानी अमले की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जरूरत बताई है।