सागर जिले में भारी बारिश के कारण कई मार्ग जलमग्न हो गए हैं। पुल-पुलियों पर पानी भरने से यातायात बाधित हो गया है। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की है।
सागर जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा के चलते विभिन्न थाना क्षेत्रों के प्रमुख मार्गों पर जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे आवागमन बाधित हो गया है। बारिश के कारण पुल-रपटों पर पानी भर जाने से कई स्थानों पर सड़क संपर्क टूट गया है। पुलिस द्वारा जिले की संपूर्ण स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है। सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं और प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
बारिश से प्रभावित महाराजपुर-तरादेही मार्ग, देवरी-झनकू पुल, बांदरी मेहर-दुआ रोड, खुरई शहर की विदिशा-पढ़ारी रोड, बरायठा का बंडा-बरायठा मार्ग, बलेह बेरखेड़ी-गढाकोटा मार्ग पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, ताकि कोई भी वाहन चालक इन पुल-पुलियों को पार कर अपनी जान जोखिम में न डाले।
उपरोक्त मार्गों पर आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बैरिकेडिंग की भी गई है। साथ ही मौके पर तैनाती पुलिसकर्मी आने-जाने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्गों पर भेज रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि जलभराव वाले मार्गों पर जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।