सागर में रिटायर्ड फौजी की बेटी भी जीवन के लिए संघर्ष कर रही है।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के सागर जिले में दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है। रिटायर्ड फौजी ने अपने सगे बड़े भाई और उनके बेटे सहित अपनी ही बेटी को भी गोली मार दी। बड़े भाई और उनके बेटे की मौत हो गई, जबकि आरोपी की बेटी घायल है, जिसका इलाज बीएमसी में जारी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। हालांकि पारिवारिक मामले को लेकर विवाद होना माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक मामला सागर में सानौधा थाना क्षेत्र के लालेपुर सेमरा गांव का है। बताया गया कि रामाधार तिवारी एक रिटायर्ड फौजी है जो गांव में अपने परिवार के साथ रहता है। रामाधार तिवारी का अपने बड़े भाई राममिलन तिवारी से किसी पारिवारिक मामले को लेकर विवाद चल रहा है। शुक्रवार को विवाद इतना बढ़ा कि रामाधार ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से बड़े भाई राममिलन को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर पास आए अपने ही भतीजे और राममिलन के बेटे अजय को भी नही बख्शा और उसे भी गोली मार दी। इसी बीच जब रामाधार की बेटी घटना स्थल पर पहुंची तो हैवान बन चुके रामाधार ने अपनी ही बेटी पर भी फायर कर दिया, लेकिन गनीमत रही कि गोली बेटी के पैर में लगी।,इस घटना को अंजाम देकर रामाधार भाग गया।
गोली लगने से तीनों घायलों को सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां इलाज के दौरान राममिलन तिवारी और उनके बेटे अजय तिवारी ने दम तोड़ दिया। युवती का इलाज जारी है। सागर एसपी अभिषेक तिवारी ने बताया कि आरोपी रामाधार तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के कारण तलाशने के लिए आरोपी से अभी पूछताछ जारी है।