सागर के बहुचर्चित बरोदिया नौनागिर लालू हत्याकांड में न्यायालय ने फैसला सुनाया है। कोर्ट ने प्रकरण के सभी 13 आरोपियों को साक्ष्यों के अभाव में दोषमुक्त कर दिया है। इस बहुचर्चित प्रकरण की सुनवाई जिला विशेष सत्र न्यायाधीश अनुसूचित जाति, जनजाति अत्याचार निवारण कोर्ट में की गई थी, जहां से यह फैसला सुनाया गया।
यह है मामला
सागर जिले की खुरई विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बरोदिया नौनागिर में 24 अगस्त 2023 को दलित युवक नितिन उर्फ लालू अहिरवार की गांव के बाजार में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। दलित युवक की हत्या होने पर मामले ने तूल पकड़ा और प्रदेश की राजनीति गरमा गई। इस मामले में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह से लेकर स्थानीय नेता बरोदिया नौनागिर पहुंचे थे। प्रकरण में पुलिस ने 13 लोगों को आरोपी बनाया था, जिन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी प्रकरण में सुनवाई करते हुए न्यायालय ने फैसला सुनाते हुए सभी 13 आरोपियों को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया।
हत्या के मामले में पुलिस ने लालू उर्फ मुबारक खान, नपीश खान, वहीद खान, अनीश खान, आजाद सिंह, सुशील उर्फ गोलू सोनी, विक्रम सिंह, अरवाज खान, गोलू उर्फ फरीम खान, अभिषेक रैकवार, इस्माल बेहना, कोमल सिंह ठाकुर, विजय सिंह ठाकुर को आरोपी बनाया था। जिन्हें गुरुवार को अपना फैसला सुनाते हुए कोर्ट ने बरी कर दिया।