सागर में एक मंदिर में तोड़फोड़ के मामले का विरोध अब सागर जिले के अन्य स्थानों पर भी फैलने लगा है। सोमवार को जिले की देवरी में हिंदू संगठन एवं नगर के सभी हिन्दुओं द्वारा देवरी नगर बंद का आह्वान किया गया था। इन संगठनों के आह्वान पर नगर बंद सफल रहा। इस दौरान नगर के मुख्य मार्ग से होकर एक जुलूस निकाल कर लोगों ने सागर कलेक्टर के नाम देवरी तहसीलदार एवं एसडीओपी को ज्ञापन सौंपा गया।
गौरतलब है कि सागर शहर में बीते शनिवार को सागर कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार क्षेत्र स्थित एक मंदिर तोड़फोड़ की घटना के बाद तनाव थम नहीं रहा है। रविवार को भी सागर में माहौल गर्माया था। वहीं, अब इसके विरोध की आग धीरे-धीरे पूरे जिले में फैलती जा रही है। सोमवार को सागर जिले में हुई घटना को लेकर देवरी नगर के हिंदू संगठनों द्वारा देवरी नगर बंद करने का आह्वान किया गया था।
सोमवार के सुबह से ही नगर के हिंदू संगठनों द्वारा जय श्री राम के नारों के साथ स्थानीय सहजपुर तिराहा से जुलूस का प्रारंभ हुआ, जो नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए देवरी नगर के स्वामी विवेकानंद चौराहे पर पहुंचा। वहां देवरी एसडीओपी देवरी तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि सागर के बड़े बाजार कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार को देव हनुमान जी के मंदिर में तोड़फोड़ की घटना हुई थी। तोड़फोड़ करने वाले जैन समाज के मोनू जैन और आदर्श जैन को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए और उनके घर पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई की जाए।