परिवार ने शव रखकर चक्काजाम कर दिया
- फोटो : अमर उजाला, इंदौर
इंदौर के रावजी बाजार इलाके में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना घटी जब गैरेज संचालक राज (25) की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना में पुलिस ने तीन लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। राज, जो पेशे से गैरेज संचालक था, का मुख्य आरोपी रोहन से विवाद चल रहा था। बताया गया है कि रोहन लोगों से कहता था कि वे राज के गैरेज पर गाड़ियों का काम न करवाएं, क्योंकि वह अधिक पैसे लेता है। इस कारण दोनों के बीच पिछले एक हफ्ते से तनाव बना हुआ था।
आरोपियों को गिरफ्तार किया
डीसीपी ऋषिकेश मीना के मुताबिक, हत्या के मामले में रोहन पिता राजू वर्मा, शुभम पिता राजेश फुलेरिया और प्रतीक पिता राजेश धीमान पर हत्या का केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले की शिकायत मृतक के दोस्त विशाल बनोधा ने दर्ज करवाई है। वारदात के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखा गया। सोमवार सुबह राज के परिवार के साथ सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन करते हुए आरोपियों को फांसी देने की मांग की। परिजनों ने शव रखकर चक्काजाम किया, जिसे एडिशनल डीसीपी आनंद यादव ने समझाइश देकर खत्म कराया।
पहले से थी प्लानिंग
विशाल ने पुलिस को बताया कि रविवार रात राज, सौरभ और चिंटू राजपूत के साथ मल्हार मेगा मॉल गए थे। इस दौरान राज के मोबाइल पर मुख्य आरोपी रोहन का कॉल आया। रोहन ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और बाबू के खेत पर मिलने को बुलाया। जब राज अपने दोस्तों के साथ वहां पहुंचा, तो आरोपी पहले से ही हथियारों से लैस खड़े थे। शुभम और प्रतीक ने राज को घेर लिया, और रोहन ने चाकू से उसके प्राइवेट पार्ट और पैरों पर कई वार किए। राज के दोस्त सौरभ ने बचाने की कोशिश की, जिसमें उसके हाथ में भी चोट आई। घायल राज को तुरंत एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भड़क गई जनता
इस निर्मम हत्या के बाद इलाके के लोग गुस्से में हैं। सोमवार सुबह गाड़ी अड्डा इलाके में लोगों ने हाथों में तख्तियां और आरोपियों के फोटो लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों को जल्द से जल्द फांसी देने और इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की मांग की। राज के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी और वह अपने चाचा-चाची के साथ रहता था। परिवार के मुताबिक, राज एक मिलनसार व्यक्ति था, जो सभी से अच्छे संबंध रखता था।