देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम मुआर में शुक्रवार को नदी से 42 वर्षीय एक व्यक्ति का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतक गुरुवार दोपहर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता था। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शुक्रवार दोपहर को नदी से शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। परिजनों ने साथ के लोगों पर मारपीट कर हत्या करने और शव नदी में फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम मुआर निवासी 42 वर्षीय गब्बर सिंह दांगी गुरुवार दोपहर से लापता हो गया था। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो परिजनों ने देवरी थाने पहुंचकर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत गांव पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी और संदिग्धों से पूछताछ की। शुक्रवार सुबह पुलिस गोताखोरों को लेकर मुआर नदी पहुंची, जहां कढ़ी मशक्कत के बाद दोपहर के समय युवक का शव पानी से बरामद हुआ।
ये भी पढ़ें-
दरिंदगी: परिवार संग सो रही दो साल की बच्ची का अपहरण कर बदमाश ने किया दुष्कर्म, चीखी तो रेत में दबा दिया सिर
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
भाई विक्रम सिंह दांगी ने आरोप लगाया कि घटना से पहले उनका भाई चार अन्य लोगों के साथ था और सभी ने मिलकर शराब पार्टी की थी। उन्होंने बताया कि जब उनका बेटा मौके पर पहुंचा, तो उसके चाचा वहां नहीं मिले। भाई और भतीजे भोला दांगी का आरोप है कि हजारी, कुलदीप, वीरेंद्र और गब्बू ने उनके भाई के साथ मारपीट की और हत्या कर शव को नदी में फेंका है। परिजनों के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले किसी होटल पर भी गाली-गलौज और विवाद हुआ था। हालांकि, पुलिस ने अभी इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मामले को लेकर एसडीओपी अरुण सिंह उइके ने बताया कि गुरुवार शाम परिजनों ने युवक के लापता होने की सूचना दी थी, जिस पर तुरंत गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई थी। शुक्रवार को गोताखोरों की मदद से नदी से शव बरामद कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया है। परिजनों द्वारा जताई गई हत्या और मारपीट की आशंका के बिंदुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गब्बर सिंह दांगी