सागर जिले में मालथौन थाना क्षेत्र के अंडेला गांव स्थित सौर नदी के पुल पर लगी रेलिंग तोड़कर बाइक सवार नाबालिग नीचे गिर गए। इस हादसे में बाइक सवार दोनों नाबालिग लड़कों की मौत हो गई। दोनों बीना से मालथौन कैटरिंग का काम करने आ रहे थे।
यह हादसा रविवार के दिन सामने आया, लोगों की नजर पड़ी तो पता चला। मालथौन-खिमलासा रोड पर स्थित एंडला पुल के नीचे आने जाने वाले लोगों की नजर पड़ी कि दो लोग और बाइक नीचे पड़ी है। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा तो नाबालिग मृत अवस्था में पड़े थे। सूचना पर थाना प्रभारी राजेन्द्र कुशवाहा भी पहुंचे। नदी में पुल के आसपास पानी भी नहीं था तथा नदी में नीचे पथरीली जगह थी, जो इन युवकों के लिए जानलेवा साबित हुई।
बीना के थे मृतक
हादसे में मृत हुए इन युवकों की पुलिस द्वारा शिनाख्त करने पर पता चला कि विनय (17) पिता भोलेराम अहिरवार तो दूसरे की पहचान निखिल (17) पिता धर्मेंद्र अहिरवार दोनों निवासी प्रताप वार्ड बीना के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि यह दोनों लड़के शनिवार-रविवार की दरमियानी देर रात में अपनी बाइक क्रमांक एमपी-15 जेडजी-8662 से बीना से मालथौन के लिए निकले थे। वे यहां कैटरिंग लगाने का काम करने आ रहे थे। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर पुल से गिर गई। हादसे में दोनों लड़कों की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।