12 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
सागर के बहेरिया थाना क्षेत्र से नाबालिग का अपहरण कर उसके साथ दुराचार करने के मामले में पिछले छह महीने से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। मामले में मुखबिर द्वारा दी गई सूचना पर पुलिस ने आरोपी को इंदौर से धर दबोचा है। पुलिस आरोपी को सागर लाकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बहेरिया थाना क्षेत्र में रहने वाली फरियादिया ने 21 मार्च को शिकायत करते हुए बताया था कि उसकी नाबालिग 12 वर्षीय बेटी को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर भगाकर ले गया है। इस शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का प्रकरण दर्ज कर मामला जांच में लेकर नाबालिग की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने छानबीन के दौरान 12 जून को ग्राम किल्लाई मरघटा के पास से नाबालिग को दस्तयाब किया था। अपहर्ता नाबालिग को थाने लाकर बयान लिए गए। डॉक्टरी परीक्षण कराया गया था।
पीड़िता के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी राहुल पिता सुकलाल बंसल उम्र 26 साल निवासी कर्द के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म समेत अन्य विधि सम्मत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया था। लेकिन इस मामले में आरोपी फरार था, जिसकी पुलिस तलाश कर रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी की लोकेशन तलाशने के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। साइबर सेल की मदद ली गई। इसी बीच आरोपी की लोकेशन इंदौर में मिली। लोकेशन मिलते ही पुलिस इंदौर के लिए रवाना हुई। टीम ने इंदौर में कार्रवाई करते हुए बेलोसिटी चौराहा से आरोपी राहुल बंसल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को सागर लाया गया, जहां पूछताछ की जा रही है।