मध्य प्रदेश के सागर में सोमवार को एक घर की रसोई में गैस सिलेंडर के पीछे करीब 8 फीट लंबा सांप छिपा मिला। सांप को देखकर परिवार के लोग घबरा गए। घटना सागर के रुसल्ला क्षेत्र की है। सुबह एक महिला रसोई में गई तो उसकी नजर अचानक गैस सिलेंडर के पीछे छिपे सांप पर पड़ी। महिला तुरंत रसोई से बाहर भागी और परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी। घर में बड़ा सांप होने का पता चलते ही परिवार के लोग भी बाहर निकल आए।
इसके बाद स्नेक कैचर बबलू पवार मौके पर पहुंचे। उन्होंने रसोई का निरीक्षण कर सांप को तलाशना शुरू किया। सांप गैस सिलेंडर के पीछे छिपा हुआ था, इसलिए उसे बाहर निकालने के दौरान काफी सावधानी बरतनी पड़ी। सांप के अचानक बाहर आने की स्थिति में किसी तरह का खतरा न हो, इसलिए परिवार के लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया। काफी मशक्कत के बाद बबलू पवार ने सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। जब सांप को बाहर लाया गया तो उसका आकार देखकर परिवार और मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए। स्नेक कैचर बबलू पवार के अनुसार, पकड़ा गया सांप करीब 8 फीट लंबा घोड़ा पछाड़ प्रजाति का था। सांप को सुरक्षित पकड़ने के बाद उसे जंगल में छोड़ने की तैयारी की गई।
पढ़ें: आखिरी कॉल के बाद इन्फ्लुएंसर निधि का भावुक पोस्ट, कमरे में हुईं बंद; मोबाइल से तलाशे जा रहे मौत के सुराग
बारिश से बचने के लिए घर में घुसने की आशंका
घटना बारिश के मौसम के दौरान हुई है। इस मौसम में सांप और अन्य जीव अक्सर अपने ठिकानों से निकलकर सुरक्षित स्थान तलाशते हैं। माना जा रहा है कि बारिश से बचने के लिए सांप किसी रास्ते से घर में घुसा होगा और बाद में रसोई में गैस सिलेंडर के पीछे छिप गया। सांप के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। हालांकि, रसोई में करीब 8 फीट लंबा सांप मिलने से आसपास के लोग भी हैरान रह गए।
स्नेक कैचर ने लोगों से बारिश के मौसम में घर और आसपास का क्षेत्र साफ रखने तथा ऐसी जगहों पर विशेष ध्यान देने की अपील की, जहां सांप छिप सकते हैं। उन्होंने कहा कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर उसे खुद पकड़ने या मारने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। लोगों को तुरंत प्रशिक्षित स्नेक कैचर या विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए, ताकि इंसानों और सांप दोनों को सुरक्षित रखा जा सके।