मध्य प्रदेश के सागर जिले के देवरी क्षेत्र में एक खौफनाक घटना सामने आई है। यहां महाराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सलैया दुबे में खेत की सिंचाई कर रहे एक 52 वर्षीय किसान पर जंगली भालू ने जानलेवा हमला कर दिया। भालू के साथ हुए इस संघर्ष में किसान बुरी तरह लहूलुहान हो गया है। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सलैया दुबे निवासी भगवान दास गौड़ (52) पिता जगदीश गौड़, रात के समय अपने खेत में पानी लगा रहे थे। यह गांव दक्षिण वन मंडल के घने जंगलों से सटा हुआ है। सिंचाई के दौरान झाड़ियों में छिपे एक भालू ने अचानक भगवान दास पर हमला बोल दिया। किसान को संभलने का मौका ही नहीं मिला और भालू ने उन्हें दबोच लिया।
जबड़ों से चबा डाला हाथ
घायल किसान ने बताया कि भालू ने बेहद आक्रामक तरीके से हमला किया था। बचाव के दौरान भालू ने अपने जबड़ों से किसान का बायां हाथ बुरी तरह चबा डाला और शरीर के कई हिस्सों पर गहरे जख्म कर दिए। दर्द से कराहते हुए भी किसान ने हिम्मत नहीं हारी और शोर मचाना शुरू किया। किसान की चीख-पुकार सुनकर भालू वहां से जंगल की ओर भाग निकला।
ये भी पढ़ें- पानी के बाद अब सब्जियों में भी जहर! प्रदूषण बोर्ड का खुलासा; हाईकोर्ट ने सरकार से मांगी रिपोर्ट
देवरी से जिला अस्पताल रेफर
घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल भगवान दास को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार तो किया, लेकिन हाथ की गंभीर स्थिति और गहरे जख्मों को देखते हुए रात करीब 9:30 बजे उन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय सागर के लिए रेफर कर दिया गया।