मध्य प्रदेश के सागर जिले के देवरी से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां के झुनकू वार्ड में झूला झूलते समय गले में रस्सी फंसने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। किशोर अपने माता-पिता की इकलौती संतान था, जिसकी मौत के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
छत से झूलने के प्रयास में हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवांश यादव (14), पिता स्वर्गीय दीपक यादव, अपने घर के पास स्थित पीपल के पेड़ पर बंधी रस्सी से झूल रहा था। बताया जा रहा है कि देवांश घर की छत पर खड़ा होकर रस्सी के सहारे झूलने की कोशिश कर रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने या अन्य कारणों से रस्सी उसके गले में जा फंसी। फंदा कसने की वजह से वह गंभीर रूप से अचेत हो गया।
ये भी पढ़ें-
नीट परीक्षा में आंखों की पुतलियों से हुई छात्रों की पहचान, केंद्रों पर रहा सुरक्षा का त्रि-स्तरीय घेरा
अस्पताल पहुंचने से पहले थमी सांसें
परिजन देवांश को तुरंत देवरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पिता की पहले ही हो चुकी है मौत, मां का रो-रोकर बुरा हाल
इस हृदयविदारक घटना ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। देवांश अपने परिवार का इकलौता वारिस था। उसके पिता दीपक यादव का कुछ वर्षों पहले ही निधन हो चुका था। अब इकलौते बेटे के चले जाने से मां पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने शुरू की मर्ग जांच
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।