सागर की मोतीनगर थाना पुलिस ने ऑनलाइन टूर पैकेज के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने सागर के एक कपड़ा व्यापारी को वियतनाम घूमने का झांसा देकर 9 लाख रुपये से अधिक की ठगी की थी। पुलिस ने उसे उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
वियतनाम ट्रिप की प्लानिंग पड़ी भारी
जानकारी के अनुसार, सुभाषनगर वार्ड निवासी 32 वर्षीय अजय माखीजा, जो पेशे से कपड़ा व्यापारी हैं, ने सितंबर 2025 में दोस्तों के साथ वियतनाम यात्रा की योजना बनाई थी। इंटरनेट पर टूर पैकेज खोजते समय उन्हें ‘लवफार माउंट’ नामक कंपनी की आईडी मिली। कंपनी के दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर आरोपी ने खुद को प्रतिनिधि बताते हुए राकेश विष्ट के रूप में परिचय दिया और सस्ते व आकर्षक पैकेज का लालच देकर भरोसे में ले लिया।
किस्तों में वसूले 9 लाख रुपये, फिर हुआ गायब
पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने टूर बुकिंग और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर अलग-अलग किस्तों में कुल 9,06,800 रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। रकम पूरी मिलने के बाद आरोपी ने न तो कोई सेवा दी और न ही संपर्क में रहा। इसके बाद पीड़ित ने मोतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
उत्तराखंड से हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में गठित टीम ने साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। तकनीकी जांच के आधार पर टीम उत्तराखंड के रानीखेत (जिला अल्मोड़ा) पहुंची और आरोपी राकेश विष्ट (35) को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने कबूला अपराध, भेजा गया जेल
पूछताछ में आरोपी ने फर्जी आईडी के माध्यम से ठगी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन टूर पैकेज या अन्य आकर्षक ऑफर बुक करने से पहले उनकी सत्यता की जांच अवश्य करें और बिना पुष्टि के किसी भी अनजान खाते में पैसा ट्रांसफर न करें।