सागर जिले के जैसीनगर में विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते एक मजदूर की जान चली गई। मामला जैसीनगर थाना के पड़रई का है, जहां एक खेत में काम करते समय मजदूर शोभाराम अहिरवार 11 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आ गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। विद्युत लाइन खेत से काफी नीचे है। बार-बार शिकायत के बाद भी सुधार नहीं हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है।
गुस्साए परिजनों ने लगाया जाम
गुस्साए परिजनों ने भापेल-जैसीनगर रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। परिजनों और ग्रामीणों की मांग है कि किसान के खेत से ट्रांसफॉर्मर को हटाया जाना चाहिए, बारिश शुरू होने के बाद भी ग्रामीण तिरपाल ओढ़कर सड़क पर बैठे रहे। जानकारी मिलते ही जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत मौके पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। विद्युत अधिकारियों को फोन लगा कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए, साथ ही मृतक शोभाराम के बेटे को विद्युत विभाग में आउट सोर्स पर नौकरी देने, राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की ओर से चार लाख की आर्थिक सहायता और हीरा सिंह राजपूत ने अपनी ओर से मौके पर ही परिवार को 50 हजार की राशि दी। हीरा सिंह राजपूत के आश्वासन के बाद परिजन माने और शव को लेकर जैसीनगर पोस्टमार्टम कराने ले गए।