सिटी बसों के संचालन का किया विरोध
- फोटो : अमर उजाला
सागर में संचालित सिटी बस के विरोध में सोमवार को शहर में तीन पहिया वाहन ऑटो रिक्शा, आपे और ई-रिक्शा का संचालन बंद रहा। विरोध में ऑटो रिक्शा, आपे और ई-रिक्शा चालकों ने शहर में रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया।
ऑटो रिक्शा, आपे और ई-रिक्शा यूनियन ने संयुक्त बैठक कर यह निर्णय लिया था कि वह सिटी बसों के बगैर रूट, बिना स्टाप समय के मनमानी पूर्वक संचालन का विरोध कर रहे हैं। बस स्टैंड स्थित तीन मढ़िया पर ऑटो, आपे और ई-रिक्शा चालक धरना-प्रदर्शन कर कलेक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
'कई लोगों के घर में नहीं जल पा रहा चूल्हा, पेट की लड़ाई के लिए यह ज्ञापन दिया'
ऑटो रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष पप्पू तिवारी ने बताया कि सिटी बसों के विरोध में सवारी वाहन ऑटो ई-रिक्शा है। हमारी मांग मध्यप्रदेश की सरकार और राज्यपाल महोदय से है। 30 सिटी बसें चला दी, लेकिन पांच हजार ऑटो चालक, ई-रिक्शा चालक के परिवारों को नहीं देखा।
ऑटो चालक के परिवार के लोग भुखमरी की कगार पर आ गए हैं। सागर में सड़कें उखड़ी पड़ी हैं। पाइप लाइनें खुली पड़ी हैं। पैदल चलना दूभर है। जब तक शहर स्मार्ट नहीं हो जाता, जब तक आपको सिटी बस नहीं चलानी थी। सिटी बसें रेलवे स्टेशन पर खड़ी हो जाती हैं तो ऑटो चालकों को सवारी नहीं मिल रही है। ऑटो चालक ऑटो चलाकर अपना घर चलाते हैं। कई लोगों के घर में चूल्हा नहीं जल पा रहा है, पेट की लड़ाई के लिए यह ज्ञापन दिया है।