रुद्राक्ष महोत्सव में शामिल होने पहुंचे श्रद्धालुओं को अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा।
- फोटो : सोशल मीडिया
राजधानी भोपाल के पास स्थित सीहोर में सोमवार को रुद्राक्ष महोत्सव स्थगित होने पर राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने प्रशासन के दबाव में महोत्सव स्थगित करने से कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की आंखों में आए आंसू को सरकार के लिए शर्मनाक बताया। वहीं, गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने पंडित प्रदीप मिश्रा से वीडियो कॉल पर बात की। उनसे कहा कि 'महाराज दंडवत कर रहा हूं। आपके आशीर्वाद से ही सरकार है महाराज।'
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मंगलवार सुबह कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा से बात की। वीडियो कॉल पर गृहमंत्री ने कहा कि महाराज दंडवत कर रहा हूं। निवेदन कर रहा था कि प्रशासन की ओर से कोई दिक्कत तो नहीं है? कोई बात होगी तो बताइएगा, कोई भी आवश्यकता हो। आपके आशीर्वाद से ही सरकार है महाराज। इस पर पंडित प्रदीप मिश्रा ने गृहमंत्री को बताया कि मंगलवार को व्यवस्थाएं दुरुस्त हो गई हैं। अब कोई दिक्कत नहीं है।
उधर, कांग्रेस इस मुद्दे पर हमलावर हो गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर शिव महापुराण व रूद्राक्ष महोत्सव के 7 दिवसीय महाआयोजन को दबाव डालकर पहले ही दिन स्थगित करा दिया। यह शिवराज सरकार, शिवराज जी का क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि प्रशासन लाखों श्रद्धालुओं की व्यवस्था संभालने में विफल साबित हुआ। आंखों में आंसुओं के साथ किसी कथावाचक को व्यासपीठ से श्रद्धालुओं को यह सच्चाई बताना पड़े तो इससे शर्मनाक प्रदेश के लिए कुछ और हो नहीं सकता है। जो खुद को धर्म प्रेमी बताते हैं, यह उनकी सरकार की हकीकत है।
क्या है मामला
शिव महापुराण और रुद्राक्ष महोत्सव की तैयारियां सीहोर में चितावलिया हेमा गांव में पिछले 15 दिनों से चल रही थी। सोमवार सुबह पंडित प्रदीप मिश्रा ने आयोजन की शुरुआत की। सुबह से ही हजारों लोगों का पंडाल पहुंचना शुरू हो गया। भीड़ इस कदर उमड़ी कि दोपहर होते-होते भोपाल-इंदौर स्टेट हाईवे के दोनों ओर 40 किमी तक जाम लग गया। पैदल चलने वालों तक का हाईवे से गुजरना मुश्किल हो रहा था। सीहोर-आष्टा और आसपास के सभी होटल, धर्मशाला फुल थे। दोपहर तक ही ढाई लाख भक्त यहां पहुंच चुके थे और श्रद्धालुओं का कारवां नहीं थम रहा था। अफरा-तफरी की स्थिति को देख पं. प्रदीप मिश्रा भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि ऊपर से बार-बार दबाव आ रहा है, इसलिए कथा स्थगित कर रहा हूं। आपसे हाथ जोड़कर विनती करता हूं कि अपने घर जाकर ऑनलाइन माध्यम से ही कथा सुनें। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि कथा स्थगित करने के लिए कोई दबाव नहीं डाला गया। इसके बाद 7 दिन का रुद्राक्ष महोत्सव स्थगित कर दिया गया। पंडित प्रदीप मिश्रा ने श्रद्धालुओं को ऑनलाइन रुद्राक्ष मंगाने के लिए कहा। अभी शिव महापुराण कथा जारी है।