बाघ के हमले में आदिवासी युवक की मौत
- फोटो : अमर उजाला
जिले के सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की चूरना रेंज में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बुधवार को महुआ बीनने जंगल गए 49 वर्षीय आदिवासी सुधराम चौहान पर बाघ ने हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार सुधराम जंगल में महुआ बीनने और मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान किसी हिंसक जानवर, संभवत: बाघ ने उन पर हमला कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां भयावह दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए।
मृतक के भाई सुखलाल ने बताया कि जब वे जंगल पहुंचे तो बाघ शव के पास मौजूद था। ग्रामीणों ने जोर-जोर से चिल्लाकर उसे भगाया और जो अवशेष मिले, उन्हें लेकर गांव लौटे। उन्होंने बताया कि सुधराम के साथ एक अन्य युवक भी जंगल गया था, जो सुरक्षित है।
ये भी पढ़ें: Sagar News: गेहूं खरीदी के पहले दिन ही बवाल! सागर में हड़ताल से ठप तुलाई, किसानों ने किया चक्काजाम
घटना की सूचना मिलते ही केसला पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के शव का पंचनामा कर उसे स्वास्थ्य केंद्र सुखतवा भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम किया जा रहा है।
चूरना रेंज के एसडीओ विनोद वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट किया जाएगा कि हमला किस बाघ ने किया।
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में इस तरह की यह दूसरी गंभीर घटना है। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल में अकेले न जाने की सलाह दी है। इस घटना ने एक बार फिर जंगलों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।