श्रद्धालुओं की भारी भीड़, प्रशासन मुस्तैद
रीवा जिले में श्रद्धालुओं की भारी संख्या में आमद के चलते प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। संभागीय कमिश्नर बीएस जामोद, डीआईजी साकेत प्रकाश पाण्डेय, कलेक्टर प्रतिभा पाल समेत अन्य अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। पिछले दो दिनों से श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण कई जगह जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं ताकि किसी को असुविधा न हो।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएं
प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह टेंट लगाए गए हैं। जहां वे विश्राम कर सकते हैं। खाने-पीने की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही मेडिकल स्टॉफ भी तैनात है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है और सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। संभागीय कमिश्नर बीएस जामोद ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव देने के लिए प्रतिबद्ध है।
तीन स्थानों पर वाहनों का नियंत्रण
रीवा जिले में भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मनगवां, कटरा और सोहागी में वाहनों को रोका जा रहा है, जिससे प्रयागराज में यातायात बाधित न हो। वाहनों को 6-7 घंटे बाद धीरे-धीरे छोड़ा जा रहा है। स्थिति पर निगरानी रखने के लिए रीवा कलेक्टर और संभागीय कमिश्नर स्वयं मौजूद हैं। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए लगातार प्रयासरत है।