सोशल मीडिया पर साइबर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ताजा मामला मऊगंज के सोनवर्षा गांव का है, जहां एक युवक से उसके ही दोस्त के नाम पर 60 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। ठगों ने सऊदी अरब में रह रहे संजय विश्वकर्मा की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर यह साजिश रची और शिवानंद पटेल नामक युवक को झांसे में ले लिया।
शिवानंद ने बताया कि उसका दोस्त संजय वर्तमान में सऊदी अरब में नौकरी करता है। शुक्रवार को उसे फेसबुक मैसेंजर पर संजय की प्रोफाइल से एक संदेश मिला, जिसमें खुद को संजय बताते हुए मदद मांगी गई। संदेश भेजने वाले ने बताया कि उसका वीजा खत्म हो गया है और वह मुसीबत में फंसा हुआ है।
बातचीत के दौरान ठगों ने एक कथित एजेंट का मोबाइल नंबर भी भेजा और शिवानंद से एजेंट के खाते में पैसे ट्रांसफर करने की गुहार लगाई। अपने सच्चे दोस्त की मदद करने के भाव से शिवानंद ने बिना किसी जांच-पड़ताल के दो किश्तों में कुल 60 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद जब शिवानंद ने सीधे सऊदी अरब में रह रहे संजय से संपर्क किया, तो सारा मामला सामने आया। तब तक वह साइबर ठगों का शिकार बन चुका था।
पढ़ें: दोस्तों के साथ पार्टी करने गया युवक डैम में डूबा, गुनगा इलाके में हुआ हादसा; पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही शिवानंद ने नईगढ़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद वह शुक्रवार शाम मऊगंज स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत सौंपी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी ने त्वरित जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पुलिस ने साइबर सेल को अलर्ट कर दिया है और बैंक ट्रांजैक्शन डिटेल के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। यह घटना एक बार फिर सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल के ज़रिए की जा रही ठगी के खतरनाक तरीके को उजागर करती है।