मध्य प्रदेश के रीवा में भीषण सड़क हादसे में एक छात्र और दो छात्राओं की मौत हो गई। कंटेनर की चपेट में बाइक आने से यह हादसा हुआ। तीनों 10वीं की परीक्षा देकर घर लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद लोगों ने चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों तरफ आवागम ठप हो गया।
पुलिस के मुताबिक ताज, रानू और ईष्मा अंसारी चचेरे भाई-बहन हैं। तीनों कक्षा 10 की परीक्षा देने स्कूल गए थे। हनुमना में परीक्षा केंद्र था। परीक्षा देकर घर लौटते समय बाइक हादसे का शिकार हो गई। मृतकों का पोस्टमार्टम हनुमान के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। बाइक सवार तीनों लोग खटखरी पहुंचे थे, तभी वहां कंटेनर ने आगे चल रही बाइक को ठोकर मार दी। इससे तीनों सड़क पर जा गिरे। ट्रेलर चालक ने तीनों को कुचल दिया। इससे तीनों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। शाहपुर थाना प्रभारी बालकेश सिंह ने बताया कि कंटेनर की ठोकर से एक छात्र और दो छात्राओं की मौत हो गई। पुलिस ने कंटेनर के चालक को हिरासत में ले लिया है।