अमहिया थाना पुलिस ने सिरमौर चौराहे पर स्थित एक ब्यूटी पार्लर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए 18 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 1.55 लाख रुपये मूल्य का चोरी हुआ सामान बरामद किया है। पकड़ा गया आरोपी तरहटी निवासी इरफान अंसारी, पिता रफीक अंसारी है। प्राथमिक पूछताछ के अनुसार आरोपी ने अपनी प्रेमिका की मांग पूरी करने के लिए ब्यूटी पार्लर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
ये भी पढ़ें-
उमराह भेजने के नाम पर लाखों की ठगी, बिज़नेस पार्टनर बनाने के नाम पर डॉक्टर को भी ठगा; आरोपी गिरफ्तार
महंगे ब्यूटी प्रॉडक्ट और पंप बरामद
सिरमौर चौराहे पर स्थित ब्यूटी पार्लर में 12 और 13 अक्तूबर की दरमियानी रात चोरी हुई थी। ब्यूटी पार्लर से करीब 1.50 लाख रुपये कीमत के सामान की चोरी हुई थी। शिकायत के बाद जांच में जुटी अमहिया पुलिस ने बुधवार को आरोपी इरफान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के तरहटी का निवासी है।
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी हुए उपकरण बरामद किए हैं। इनमें प्रोफेशनल मेकअप किट, फेशियल मशीन, हेयर ड्रायर, हेयर स्ट्रेटनर, कर्लर और स्किन केयर से जुड़े सामान शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से 5 हजार रुपये मूल्य का एक मोटर पंप भी बरामद किया है। इस प्रकार पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 1.55 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
प्रेमिका के कोण की हो रही जांच
थाना प्रभारी मनोज गौतम ने बताया कि चोरी के इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी हुआ संपूर्ण सामान बरामद कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में प्रेमिका की मांग पूरी करने के लिए चोरी करने की बात कही है। हालांकि पुलिस प्रेमिका की मांग पूरी करने वाले कोण की गहराई से पड़ताल कर रही है।