फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Heart Attack: भोपाल में आरआई को खेलते हुए पड़ा दिल का दौरा, तो चक्कर आने से गिरे युवक की गई जान

Sun, 29 Jan 2023 09:10 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मध्य प्रदेश

सार

भोपाल पुलिस के आरआई दीपक रविवार को ओल्ड कैंपियन मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। उसी समय उन्हें हार्ट अटैक आ गया। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, कटारा हिल्स के गौरीशंकर आवासीय परिसर में शनिवार रात एक युवक चक्कर आने से गिर पड़ा जिसे अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
भोपाल पुलिस के आरआई दीपक पाटिल और सांकेतिक तस्वीर - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भोपाल पुलिस के रक्षित निरीक्षक (आरआई) दीपक पाटिल को रविवार दोपहर ओल्ड कैंपियन मैदान में क्रिकेट खेलते समय हार्ट अटैक आ गया। खेलते-खेलते वह मैदान में गिर पड़े। वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों ने सीपीआर देकर उन्हें अरेरा कॉलोनी में स्थित नेशनल अस्पताल में भर्ती कराया। जांच के बाद आरआई की एंजियोग्राफी की गई है। उनका सीटी स्कैन भी कराया गया, जिसमें ब्रेन पूरी तरह से सुरक्षित पाया गया है।
विज्ञापन


वहीं, भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र स्थित गौरीशंकर आवासीय परिसर में शनिवार देर रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसकी तबीयत अचानक बिगड़ी थी और परिजन उसे एंबुलेंस से लेकर एम्स अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। शार्ट पीएम में कार्डिएक अटैक की पुष्टि की गई है।

आरआई ने एक साल में घटाया था 31 किलो वजन
आरआई को हार्ट अटैक आने की सूचना मिलते ही भोपाल पुलिस आयुक्त मकरंद देऊस्कर सहित पुलिस के तमाम आला अधिकारी नेशनल अस्पताल पहुंचे। आरआई की एंजियोग्राफी हो गई है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। 45 वर्षीय रक्षित निरीक्षक दीपक पाटिल का वर्तमान में 80 किलो के करीब वजन है। 
विज्ञापन


मीठा खाने के शौकीन रहे दीपक पाटिल का वजन अगस्त 2021 में 109 किलोग्राम तक पहुंच गया था। व्यस्ततम दिनचर्या, व्यायाम न कर पाने और खानपान पर नियंत्रण न होने के कारण वजन बहुत बढ़ गया था। इसके बाद उन्होंने खानपान सुधारा और नियमित व्यायाम करने लगे। अगस्त 2021 से एक साल तक लगातार व्यायाम करने के बाद उनका वजन 31 किलोग्राम घटकर 78 किलोग्राम हो गया था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अगस्त 2022 के बाद भी वे एक दिन छोड़कर करीब आधा घंटा प्रतिदिन व्यायाम करते थे। हालांकि वर्तमान में उनका वजन करीब 80 किलोग्राम से अधिक माना जा रहा है। मूलत : बुरहानपुर जिले के निवासी पाटिल करीब पांच फुट 10 इंच लंबे हैं। डॉक्टरों की सलाह पर ही उन्होंने अपना वजन कम किया था।

खाना खाने के बाद अचानक गिर गया था युवक
एएसआई धनराज धुर्वे ने बताया कि मृतक मंटू विश्वकर्मा गौरीशंकर कटारा हिल्स के आवासीय परिसर में रहता था। पेशे से मैकेनिक मंटू पत्नी और परिवार के साथ यहां रह रहा था। शनिवार रात वह शराब के नशे में था और घर पहुंचने के बाद पत्नी ने उससे खाने के लिए पूछा। खाना खाने के बाद वह बाथरूम की तरफ जा रहा था, तभी अचानक बेसुध होकर गिर गया। 

इसके बाद पत्नी ने उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन उसके हाथ पैर अकड़ने लगे। फिर पत्नी ने एंबुलेंस को घटना की जानकारी दी। रात करीब पौने 12 बजे के आसपास एंबुलेंस मंटू को लेकर एम्स पहुंची। वहां डॉक्टर ने प्राथमिक जांच में ही उसे मृत घोषित कर दिया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों का सौंप दिया गया है। शार्ट पीएम रिपोर्ट में कार्डिएक अटैक आने की बात कही गई है। हालांकि पुलिस फुल पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

'40 की बजाय 30 की उम्र के बाद ही कराएं हार्ट की जांच'
गांधी मेडिकल कॉलेज, हमीदिया अस्पताल के असिस्टेंट प्रोफेसर हृदय रोग डॉ. आरएस मीणा के मुताबिक, अभी तक 40 साल के बाद हार्ट अटैक का खतरा रहता था। लेकिन अब लोगों को 30 साल की उम्र के बाद ही हार्ट की जांच कराना शुरू कर देना चाहिए। 

उन्होंने कहा कि भोपाल सहित देशभर में बहुत कम लोग अपनी इच्छा से नियमित व्यायाम और मॉर्निंग वॉक करते हैं। खान-पान गड़बड़ है। आर्टिफिशियल दूध पी रहे हैं। जब तक डॉक्टर व्यायाम और मॉर्निंग वॉक के लिए नहीं कहते, बहुत कम लोग व्यायाम करते हैं। ऐसा नहीं करना चाहिए। 

डॉक्टर ने कहा कि थकान, घबराहट, चक्कर आना आदि समस्या होने पर लोग कब्ज या कोई और वजह मानते हैं। लेकिन अब ऐसा नहीं करना चाहिए। 30 साल के ऊपर के लोगों को तुरंत हार्ट की जांच करानी चाहिए। 

उन्होंने आगे कहा कि आज-कल बहुत कम उम्र में लड़के-लड़कियां स्मोकिंग, एल्कोहल का सेवन करने लगते हैं। सुबह घूमने निकलें तो लड़के स्मोकिंग करते मिल जाएंगे। खान-पान सुधारें, व्यायाम करें, तभी हार्ट को सुरक्षित रखा जा सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें